जगह-जगह खाटू नरेश का गुणगान
जयपुर |श्री श्यामभजन संध्या परिवार सेवा समिति के 22वें वार्षिकोत्सव पर शनिवार को शास्त्रीनगर के खंडेलवाल कॉलेज में श्याम महाकुंभ की विधिवत शुरुआत हुई। खाटू वाले श्याम बाबा का दरबार सजा, जिसमें श्याम सरकार की नयनाभिराम झांकी दर्शन हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे सामूहिक आरती से हुआ। श्याम प्रभु के दरबार में हजारों लोगों ने जयकार लगाई और फिर शुरू हुए, श्याम प्यारे के गुणगान इसमें अहमदाबाद के नंदकिशोर शर्मा और मुंबई के लखबीर सिंह लक्खा ने खाटू श्याम के भजनों की प्रस्तुति देकर लोगों को कार्यक्रम से जोड़ना शुरू किया। इसके अलावा देर रात तक चले कार्यक्रम में कोलकाता के संजय मित्तल, रवि बेरीवाल और जयपुर के रमेश चौधरी, गोविंद शर्मा, मामराज अग्रवाल, सुनिल शर्मा, अमित नामा अविनाश शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति दी।
उधर श्रीश्याम युवा मंडल समिति की ओर से शास्त्री नगर के राष्ट्रपति मैदान में दो दिवसीय श्याम वार्षिकोत्सव शुरू हुआ। शाम 7 बजे विधिवत पूजा अर्चना से भजनों की सरिता शुरू हुई। इस दौरान खाटू नरेश के छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगा। खाटूधाम से लाई गई अखंड ज्योत प्रज्वलन की गई, जो अनवरत चलेगी। देर रात तक चलते रहे कार्यक्रम में कई नामी गायकों ने प्रस्तुति दी।
उधर, वैशाली विकास एवं सांस्कृतिक समिति की ओर से शनिवार को वैशालीनगर के हनुमान वाटिका में महामंडलेश्वर बालमुकुंदाचार्य के सानिध्य में श्याम भजन संध्या हुई। इसमें दिल्ली के विमल दीक्षित और इंदौर की सोना जादव ने प्रस्तुति दी। इस मौके पर बाबा के 56 भोग की झांकी हुई।