हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू : वसुंधरा
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने चुनावी हार-जीत को लेकर शनिवार को रखी समीक्षा बैठक में कहा कि जिनको पार्टी ने चुनाव लड़ाया, जनता के काम - काज उस विधानसभा क्षेत्र में वे प्रत्याशी ही देखते रहेंगे। इसके लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी बनेगी।
यह कमेटी ही उस विधानसभा क्षेत्र में जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान करेगी। बैठक में शामिल हुए करीब ढाई सौ नेताओं ने बंद लिफाफे में प्रदेश नेतृत्व को हार जीत के कारणों को लेकर रिपोर्ट सौंपी। मुख्यमंत्री वसंधुरा राजे प्रदेश पदाधिकारियों और उप चुनावों में चार सीटों पर लगाए गए भाजपा के चुनाव क्षेत्र के सेक्टर प्रभारी, मंत्री, सांसद एवं विधायकों को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम से निराश होने की आवश्यकता नहीं है। हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं। वसुंधरा राजे ने चुनाव संचालन में लगे सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और उन्होंने इस बात की बधाई दी कि कार्यकर्ताओं ने कठिन से कठिन परिस्थितियों में रहकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वाहन किया है। मुख्यमंत्री ने चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों और क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जाए और जनता का आभार व्यक्त करें। चारों विधानसभा क्षेत्रों में जनता ने हमें भारी मत दिए हैं, हार-जीत एक अलग विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उप चुनावों में हार के जो भी कारण रहे हो, लेकिन लगातार आचार संहिता की वजह से स्थानांतरण नहीं करने और कांग्रेस सरकार की गलतियों को दुरुस्त करने में समय लग गया। इस वजह से नीचे कार्यकर्ता और जनता में नाराजगी रही। उन्होंने कहा कि सबको यह समझना होगा कि पिछली सरकार की खामियों काे दूर करने में वक्त लग रहा है। सरकार विकास के काम करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। पिछली सरकार ने जो प्रदेश की खस्ता हालत की है इस हालत को ठीक करने में उतना ही समय लगेगा जितना कि नए भवन को खड़ा करने में लगता है। निराश होने की आवश्यकता नहीं है, जनता ने हम पर जो विश्वास व्यक्त किया है उस पर हम खरे उतरेंगे। बैठक में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी और चारों प्रदेश महामंत्रियों ने भी संबोधित किया।
भाजपा उप चुनाव में जो विधानसभा सीट हारी, वहां चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी की अध्यक्षता में बनेगी 4 सदस्यीय कमेटी