जीवंत होंगी महाभारत धारावाहिक की यादें
रामानंदसागर के धारावाहिक ‘महाभारत’ में कृष्ण का यादगार पात्र निभा चुके अभिनेता नीतीश भारद्वाज ढाई दशक बाद एक बार फिर से उसी रूप में अपने चहेतों से रूबरू होंगे। मौका होगा दिल्ली नाट्य संस्था फिल्म एंड थिएटर सोसायटी की ओर से 19 सितंबर से आयोजित किए जाने वाले जयपुर नाट्य उत्सव का।
तीन दिवसीय इस उत्सव में दिल्ली के अतुल सत्य कौशिक लिखित और निर्देशित तीन नाटकों का मंचन किया जाएगा। समारोह संयोजक शक्ति सिंह ने बताया कि अतुल सत्य कौशिक पेशे से सीए हैं और पिछले कई सालों से इस संस्था के बैनर पर नाटकों का लेखन और निर्देशन कर रहे हैं। यह संस्था हर साल अलग-अलग शहरों में नाट्योत्सव आयोजित करती है। जयपुर इसी श्रंखला की एक कड़ी है।
चक्रव्यूहमें दिखेंगे नीतीश
नीतीश भारद्वाज 19 सितंबर को बिड़ला ऑडिटोरियम में शाम 6:30 बजे से मंचित किए जाने वाले नाटक ‘चक्रव्यूह’ में कृष्ण की भूमिका में नजर आएंगे। यह नाटक महाभारत युद्ध के तेरहवें दिन की कहानी पर आधारित है, जब अभिमन्यु चक्रव्यूह के भीतर लड़ता हुआ वीरगति को प्राप्त हो जाता है। लेखक ने महाभारत के इस घटनाक्रम को आज के संदर्भ से जोड़ते हुए पेश करने कोशिश की है।
दो दिन जेकेके में नाटक
समारोह के दो अन्य नाटक ‘कपल ट्रबल’ और ‘द्रौपदी’ 20 और 21 सितंबर को जवाहर कला केंद्र में मंचित किए जाएंगे। ‘कपल ट्रबल’ में शादीशुदा लोगों के विवाहेतर संबंध बनाने की लालसा को हास्य के माध्यम से दर्शाया गया है, जबकि ‘द्रौपदी’ में द्रौपदी की त्रासदी और मनोदशा को आज के संदर्भ में पेश किया जाएगा। ‘द्रौपदी’ में 12 महिला कलाकार अभिनय करेंगी।