‘नाथ संभुधनु भंजनिहारा, होइहि केउ...’
जयपुर| रामलीलामहोत्सव समिति (गोलछा चैरिटेबल ट्रस्ट) के तत्वावधान में न्यूगेट स्थित रामलीला मैदान में चल रही रामलीला में शनिवार को लक्ष्मण परशुराम संवाद का मंचन हुआ। इसमें दर्शाए गए रामलीला के भावपूर्ण प्रसंगों को देखकर लोग आनंदित हो उठे।
ट्रस्टी सुरेंद्र कुमार गोलछा की अध्यक्षता में शुरू हुए रामलीला महोत्सव में मथुरा से आए धार्मिक रामानंद रामलीला मंडल के 40 कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुति दी। शुकसंप्रदायाचार्य अलबेली माधुरीशरण महाराज के सान्निध्य में कलाकारों ने संगीतमय भावपूर्ण रामलीला के प्रसंग सुनाए और संजीव मंचन प्रस्तुत किया। रामलीला में लक्ष्मण परशुराम के बीच हुए संवादों ने लोगों को रामलीला से जोड़ना शुरू किया। इस दौरान भगवान राम की बारात का दृश्य देखते ही बना। इसके बाद विवाह की रस्म और कंवर कलेवा के आकर्षक मंचन ने सभी को लुभाया। प्रवक्ता प्रवीण भैया ने बताया कि रविवार को शाम साढ़े 7 बजे रामलीला शुरू होगी। इसमें कैकेयी संवाद और भगवान राम का वन गमन का मार्मिक प्रसंग का सजीव मंचन किया जाएगा।