पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • श्याम बाबा के रंग में डूबा शहर

श्याम बाबा के रंग में डूबा शहर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कलश यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, वार्षिक उत्सव आज

श्रीश्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति के 22वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर शास्त्रीनगर के खंडेलवाल कॉलेज में शुक्रवार को कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय श्याम महाकुंभ की शुरुआत हुई।

श्याम महाकुंभ के तहत पीतल फैक्ट्री स्थित राधा दामोदर मंदिर से गाजे-बाजे के साथ 2100 महिलाओं की कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा को महंत अंजन कुमार गोस्वामी, महंत गोपालदास और आनंदी देवी सारड़ा सहित विभिन्न संत महंतों ने आरती उतारकर रवाना किया। तीन बैंड, दो हाथी, छह घोड़े चार ऊंट के साथ कलश-शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होकर खंडेलवाल कॉलेज पहुंची। इस बीच कांवटिया सर्किल के पास 1008 दीपों से आरती उतारी गई। समिति के संरक्षक रामबाबू झालानी ने बताया कि 20 और 21 सितंबर को सुरों की शाम सजेगी। कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को शाम 7 बजे आरती से होगा। इस मौके पर श्याम प्रभु का मनमोहक दरबार सजेगा। इसमें अहमदाबाद के नंदकिशोर शर्मा, मुंबई के लखबीर सिंह लक्खा, कोलकाता के संजय मित्तल, रवि बेरीवाल राजू मेहरा, मुंबई के मनोज मिश्रा राजू खंडेलवाल, दिल्ली के शीतल पांडे, ग्वालियर के मनोज शर्मा और जयपुर के रमेश चौधरी, गोविंद शर्मा, मामराज अग्रवाल, सुनिल शर्मा, अमित नामा अविनाश शर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगे।

उधर श्रीश्याम युवा मंडल समिति, शास्त्री नगर का दो दिवसीय श्याम वार्षिकोत्सव शास्त्री नगर के राष्ट्रपति मैदान में शुक्रवार को कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ। सिद्धेश्वर महादेव मंदिर सीकर हाउस से कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ रवाना हुई। कलश यात्रा को संत-महंतों ने रवाना किया। कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। शनिवार को राष्ट्रपति मैदान में शाम 7 बजे विधिवत पूजा अर्चना, छप्पन भोग और खाटूधाम से लाई गई अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ भजन संध्या का आरंभ होगा।

शास्त्रीनगर के खंडेलवाल कॉलेज में श्याम महाकुंभ के तहत निकाली कलश यात्रा का मयूर कॉम्पलैक्स के बाहर 10 क्विंटल गुलाब के फूल से स्वागत किया गया और महाआरती की गई।