पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पढ़ाई का स्तर जांचने स्कूलों में पहुंचेंगे 3 हजार अधिकारी

पढ़ाई का स्तर जांचने स्कूलों में पहुंचेंगे 3 हजार अधिकारी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सर्वशिक्षा अभियान (एसएसए) की ओर से नए सत्र में सम्बलन अभियान का पहला चरण 22 से 24 सितम्बर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें करीब 3 हजार अधिकारी स्कूलों का अवलोकन करेंगे। अवलोकन करने वालों में शिक्षा मंत्री सहित राज्य, जिला एवं ब्लॉक स्तरीय शिक्षाधिकारी, पंचायती राज विभाग के अधिकारी तथा जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। हर अधिकारी द्वारा दो विद्यालयों (एक दिन में एक) का अवलोकन कर उन्हें सम्बलन प्रदान किया जायेगा। प्रदेश में पहली से आठवीं तक संचालित होने वाले हर स्कूल में यह अभियान चलेगा।

संबलन में विद्यालय अवलोकन के दौरान बच्चों के शैक्षिक स्तर का आंकलन, कक्षा में की जाने वाली शिक्षण प्रक्रिया का अवलोकन, कम्प्यूटर एवं पुस्तकालय की उपलब्धता तथा क्रियाशीलता, पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता तथा क्रियाशीलता का भौतिक अवलोकन किया जायेगा। साथ ही एसएमसी एवं समुदाय के सदस्यों के साथ चर्चा की जाकर विद्यालय से सम्बन्धित विभिन्न पक्षों को समझने एवं सम्बलन देने का कार्य किया जाएगा।

स्कूल अवलोकन के दौरान कक्षा 2 से 8 में से किन्हीं तीन कक्षाओं के बच्चों के शैक्षिक स्तर का आंकलन किया जायेगा। इन तीन में से चयनित दो कक्षाओं में शिक्षण प्रक्रिया का अवलोकन किया जायेगा। विद्यालय अवलोकन हेतु एक प्रपत्र तथा बच्चों के शैक्षिक स्तर का आंकलन करने हेतु एक मॉडल प्रश्न बैंक तैयार किया गया है। सम्बलन अभियान से सम्बन्धित विस्तृत दिशा निर्देश तथा मॉडल प्रश्न बैंक स्कूलों में भिजवा दिए गए हैं।