अग्रसेन जयंती महोत्सव कल
सामूहिक महाआरती, गरबा सहित कई कार्यक्रम होंगे
जयपुर| अग्रवालसमाज समिति की ओर से 5138 वां अग्रसेन जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। जयंती महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को अग्रसेन महाराज की शोभायात्रा से होगा। मंगलवार को कार्यक्रम की तैयारियों की विशेष बैठक रखी गई। इसमें अग्रसेन जयंती महोत्सव के पोस्टर का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर जयपुर आए राज्यसभा सांसद विजय गोयल को सम्मानित किया गया। समिति के अध्यक्ष पवन गोयल महामंत्री आनंद गुप्ता ने बताया कि महोत्सव के तहत 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। गुरुवार सुबह 9:30 बजे अग्रसेन सभागार में ध्वजारोहण होगा। इसके बाद अग्रसेन मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की जाएगी। शाम 4 बजे त्रिपोलिया गेट से शोभायात्रा रवाना होकर अग्रसेन कटला पहुंचेगी।
मंगलवार को जयंती महोत्सव के पोस्टर का विमोचन कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एनके गुप्ता, एडवोकेट राजेंद्र अग्रवाल, पवन गोयल, बजरंग लाल खेतान संरक्षक मंडल के गणेश राणा ने किया।
अग्रसेन जयंती महोत्सव के पोस्टर का विमोचन करते समिति के पदाधिकारी।
अग्रवाल समाज समिति गुर्जर की थड़ी की ओर से भी शोभायात्रा निकाली जाएगी और पंचवटी पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। अग्रसेन सेवा समिति सांगानेर की ओर से टोंक रोड सीताबाड़ी के मानसरोवर परिसर में शाम को अग्रसेन महाराज की सामूहिक महाआरती का कार्यक्रम होगा। इसमें डांडिया गरबा चिकित्सा रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। अग्रवाल समाज मालवीय नगर की ओर से अग्रसेन जयंती के दिन अग्रसेन सभागार के लोकार्पण का कार्यक्रम रखा गया है। इसमें रामफूल प्रजापत को मेजर योगेश अग्रवाल की स्मृति में शौर्य पुरस्कार दिया जाएगा। अग्रवाल नवयुवक मंडल की ओर से सी स्कीम के सुभाष मार्ग स्थित अग्रसेन सर्किल पर जयंती उत्सव प्रतिभा सम्मान समारोह रखा गया है।