दस हजार कर्मचारियों ने शहर की सफाई की
जयपुर|स्वच्छ भारतसप्ताह अभियान के तहत नगर निगम का सफाई अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को मोतीडूंगरी, सिविल लाइन, नर्सरी सर्किल, वैशाली नगर, हवामहल जोन (पश्चिम), मानसरोवर और सांगानेर जोन में सफाई अभियान चलाया गया। करीब 500 टन कचरा और मलबा उठाया गया। वहीं गंदगी फैलाने वालों से कैरिंग चार्ज के रूप में 12 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। अभियान के तहत मोतीडूंगरी जोन में 32, सिविल लाइन में 10, सांगानेर जोन में 12, हवामहल जोन पूर्व में 30, हवामहल जोन पश्चिम में 75, मानसरोवर जोन में 10, आमेर जोन 2 और विद्याधर जोन में 20 सार्वजनिक शौचालयों की सफाई की गई। वहीं इन जोन में शुक्रवार को 250 किमी सड़क की सफाई की गई। इसमें करीब 10 हजार सफाई कर्मी और 1 हजार अधिकारियों ने काम किया। सफाई का काम सार्वजनिक पार्क, स्कूलों, कॉलेजों, शहर की गलियों ,बाजारों और सार्वजनिक जगह पर की गई। अभियान में शहर में जगह-जगह लगे करीब 700 से अधिक पोस्टर, पैम्पलेट हटाए गए। निगम अधिकारियों ने बताया कि सफाई कार्यक्रम रात्रि को भी जारी रहेगा।
रात्रि के समय शहर के 30 वार्डों में सफाई की जाएगी। सफाई के बाद निगम ने शहर में विभिन्न जगह 50 जगहों पर सफाई पात्र रखे गए। सीईओ ने बताया कि शहर में होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को कचरा पात्र रखने के निर्देश दिए है। कचरा पात्र नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।