पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर। लालकोठी इलाके में शनिवार रात होटल पैराडाइज के सामने राष्ट्रीय भालाफेंक खिलाड़ी प्रीतम सिंह और उनके साथियों की बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई। झगड़ रहे युवकों में से एक ने खिलाड़ी के पेट में चाकू घोंप दिया। उसके साथियों ने विरोध किया तो वे सड़क पर तीन फायर कर भाग गए। ज्योति नगर थाना पुलिस ने मौके से बदमाशों की बाइक बरामद कर ली है।
एसीपी सुमित गुप्ता ने बताया कि सिरसी रोड पांच्यावाला निवासी प्रीतम सिंह (23) शनिवार शाम को एसएमएस स्टेडियम में अपने साथी सुमित, विवेक, अजय, सुनील और रेलवे कोच ओमवीर के साथ प्रैक्टिस करने आए थे। स्टेडियम में देर शाम प्रैक्टिस के बाद वे लाल कोठी में संतुष्टि रेस्टोरेंट के पास अपने अन्य साथी से मिलने चले गए। रेस्टोरेंट के पास अपने साथी से बात करने के दौरान दो बाइक व कार सवार सात-आठ युवक नशे में आए।
युवकों ने प्रीतम और उनके साथियों को वहां से हटने के लिए कहा। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। युवकों में से एक ने प्रीतम के पेट में दाहिनी तरफ चाकू घोंप दिया। प्रीतम के साथियों ने युवकों को पकडऩे का प्रयास किया। धमकाते हुए एक युवक ने रोड पर पिस्तौल से तीन फायर कर दिए। सूचना मिलने पर ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
भरतपुर नंबर की बाइक छोड़ कार से भाग गए युवक
पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक बाइक को छोड़कर कार में फरार हो गए। पुलिस ने मौके से उनकी भरतपुर के नंबर की बाइक जब्त की है। नंबर के आधार पर बाइक कुलवेंद्र गुर्जर की है। वह टोंक फाटक के पास किराए का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। घायल प्रीतम सिंह को पुलिस व उसके साथियों ने एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। बाद में प्रीतम के परिजन उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले गए, जहां उनके पेट का ऑपरेशन किया गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.