पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Businessman Social Massage On Carry Bags Jaipur Rajasthan

व्यापारी कैरीबैग्स पर लिखवाएंगे सामाजिक संदेश, समाज को मिलेगी नई दिशा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जयपुर. व्यापार के साथ-साथ समाज की सेवा जयपुर के व्यापारियों की परंपरा रही है। अब इसमें एक नई कड़ी जुडऩे वाली है। जयपुर के व्यापारियों ने भास्कर की पहल पर अपने प्रोडक्शन हाउस के कैरीबैग्स पर सामाजिक सरोकार से जुड़े स्लोगन लिखकर लोगों को प्रेरित करने पर सहमति जताई है। सोमवार को आयोजित भास्कर टॉक शो में सामाजिक संदेश (बाल विवाह रोकने, कन्या भ्रूण हत्या रोकने, मतदान करने, रक्तदान-महादान, नेत्रदान आदि) प्रचारित करने पर चर्चा की गई।

भास्कर का मत है कि तीन से पांच शब्द के स्लोगन समाज को नई दिशा दे सकते हैं। कुरीतियों को दूर करने में मददगार साबित होते हैं। इस मत से शहर के व्यापारियों ने सहमति जताई। कहा कि वे भागीदारी निभाने को तैयार हैं। कुछ ने तो घोषणा भी कर दी कि वे अपने कैरीबैग्स पर स्लोगन लिखवाएंगे। सुझाव भी दिए कि बाजार में होर्डिंग लगवा सकते हैं। निर्णय किया कि व्यापार मंडलों की बैठक में इस बारे में हर व्यापारी से बात करेंगे और इस दिशा में आगे कदम बढ़ाएंगे।

जागरूकता की नई पहल
जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष त्रिलोकचंद अग्रवाल ने कहा- समाज में जागरूकता की यह नई पहल है। अब आगे से मैं जो भी कैरीबैग छपवाउंगा, उस पर सामाजिक संदेश जरूर होगा। दुकानों के आगे होर्डिंग्स भी लगाए जा सकते हैं, जिसमें नगर निगम को भी सहयोग करना होगा। होर्डिंग्स के तीन चौथाई हिस्से में स्लोगन हो और एक चौथाई में दुकान का प्रचार।

हर सप्ताह होगा नया स्लोगन
किशनपोल बाजार व्यापार मंडल के सलाहकार राजा खूंटेटा ने कहा कि वे सामाजिक सरोकार से जुड़े संदेश वाले होर्डिंग लगाने को तैयार हैं। नगर निगम सहयोग करे तो वे हर सप्ताह स्लोगन को बदलकर भी लगा सकते हैं, ताकि बाजार में आने वालों को नया स्लोगन मिले।