जोधपुर. फ्लिपकार्ट व स्नेपडील के बाद अब
गूगल ने ऑनलाइन महासेल लगाई है। 10 से 12 दिसंबर तक चलने वाली महासेल में
मोबाइल, होम थिएटर व कपड़ों के साथ मकान व कार भी उपलब्ध हैं। इसमें
मारुति,
हुंडई समेत 450 कंपनियां सामान बेचेंगी। इसमें 20 से 93% छूट का दावा है। कारों पर 1.5लाख तक के बैनिफिट दिए जा रहे हैं। ग्राहकों तक उत्पाद पहुंचाने लिए कंपनियों ने कोरियर कंपनियों से समझौता किया है।
गूगल इंडिया एमडी राजन आनंद के मुताबिक 3.5 करोड़ भारतीयों के खरीदारी की उम्मीद है। पेमेंट सामान आर्डर पर नहीं होम डिलीवरी पर देना होगा। ग्राहक जीओएसएफडॉटइन पर पंजीयन करा खरीदारी कर सकेंगे। शॉपिंग मंगलवार रात 12 बजे से शुरू हो चुका है।
> मंगलवार रात से शुरू, 12 दिसंबर तक चलेगी सेल
> 450 कंपनियां बेचेंगी माल, कोरियर से भी समझौता
> भुगतान के लिए कार्ड नहीं, होम डिलीवरी पर पेमेंट
कई उत्पाद भी होंगे लांच
गूगल इंडिया के मुताबिक महासेल में 43999-48999 रुपये वाले नेक्सस 6 मोबाइल फोन, 2,999 रुपये कीमत वाले क्रोमकास्ट, 49490 रु. कीमत वाले लेनेवो योगा टैबलेट आदि लॉन्च होंगे।
टाटा होम्स आकर्षण का केंद्र
सेल में आकर्षण का केंद्र टाटा हाउसिंग के 3.5-5 करोड़ रु. के बैंगलूरू में फ्लैट हैं। वहीं टाटा होम्स मुंबई के निकट 16 लाख रुपये में 1 बीएचके वाले सस्ते फ्लैट की बिक्री इस सेल में कर रही है।
एक बार में 5 लाख शॉपिंग, कारों पर विशेष ऑफर
ग्राहकों को दिक्कत से बचाने के लिए गूगल ने बैकअप को काफी मजबूत किया है। एक समय में पांच लाख ग्राहक खरीदारी कर पाएंगे। महासेल में महिंद्रा 1.5 लाख, फिएट 1 लाख तक तथा शेवरले 85 हजार तक के बैनिफिट देगी।
आदित्य बिड़ला मनी माई यूनिवर्स की तरफ से एक लाख इंटरनेट यूजर्स को गूगल के महासेल में 299 रुपये तक की मुफ्त खरीदारी का मौका दिया जा रहा है। गूगल इंडिया की इस साइट पर 299 रुपये में रिबॉक की जैकेट से लेकर लकमे के सौंदर्य प्रसाधन तक मिल रहे हैं।