जयपुर/चंदवाजी. दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस हाईवे पर चंदवाजी के पास शनिवार रात गैस टैंकर में आग लगने की घटना में मृतक संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इनमें 6 साल का एक बच्चा तथा महिला भी है। 12 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। टैंकर में लगी आग इतनी भीषण थी कि इसके आसपास चल रहे जो 11 वाहन इसकी चपेट में आए, वे तुरंत ही पिघलना शुरू हो गए और उनमें सवार लोगों को उतरने तक का मौका नहीं मिला। धमाकों के कारण वाहनों और शवों के टुकड़े आसपास के खेतों में बिखर गए थे। शनिवार रात तीन शव बरामद हुए थे, जबकि रविवार सुबह 7 शव और मिले। हादसा शनिवार रात करीब सवा नौ बजे हुआ था। टैंकर के पीछे चल रहे 7 ट्रक, एक कार, तेल से भरा एक टैंकर सहित 11 वाहन आग की चपेट में आए। कंटेनर में भरी दर्जनों बाइकें जल गईं। दुर्घटना के बाद हाईवे जाम हो गया। यहां रविवार दोपहर 2 बजे तक यातायात सुचारू हो पाया।
इसमें 25 हजार लीटर ब्यूटाडाइन गैस भरी थी। यह गैस पेंट और सिंथेटिक कपड़े बनाने के उपयोग में ली जाती है। बाइक से भरे हुए कंटेनर ने ओवर टैक करते समय गैस टैंकर को टक्कर मारी। इससे टैंकर के पीछे सुरक्षा के लिए लगी डेढ इंच मोटी एंगल गैस टैंक में घुस गई और दो इंच मोटा छेद से निकली गैस ने आग पकड़ ली। गैस इतनी प्रेशर से निकली कि थी कि बाइक से भरा कंटेनर बीस फिट पीछे चला गया। पीछे आ रहे कई वाहनों को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। गैस रिसाव व ब्लास्ट के कारण आसपास के ग्रामीण भयभीत हो गए। धमाकों के कारण मकानों में दरारें आ गई।
आगे की स्लाइड में पढ़िए टैंकर की आग में ज्वैलर की पत्नी और एक्सपोर्टर भी जले।