जयपुर. अपने पहले जन्म दिन पर मम्मी पापा के साथ बाइक पर केक और मिठाई लेकर घर लौट रही बच्ची को शनिवार शाम को लो फ्लोर बस ने कुचल दिया। हादसा सांगानेर में पिंजारा पोल गोशाला के पास हुआ। हादसे के बाद टोंक रोड पर यातायात जाम हो गया। सूचना पर सांगानेर थाना पुलिस मौैके पर पहुंची।
हादसा सांगानेर में टोंक रोड पर पुलिया के हुआ। हादसे में सीताबाड़ी लक्ष्मी नगर निवासी एक वर्षीय रतनदीप की मौत हो गई। घटना के अनुसार हरदीप (25) व उनकी पत्नी बीना (24) बेटी रतनदीप का पहला जन्म दिन होने के कारण प्रताप नगर से केक व मिठाई खरीद कर बाइक से घर लौट रहे थे। रतन बीना की गोद में थी। टोंक रोड पर पुलिया के नजदीक लो फ्लोर बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बीना की गोद से उछल कर रतनदीप बस के टायर के नीचे आ गई।
बाइक से उछलने पर बीना का भी एक पैर बस के टायर के नीचे आ गया। यह देखकर आसपास खड़े लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। उन्होंने बस को रुकवा लिया। बीना को निजी कार से एक राहगीर ने नारायण हृदयालय अस्पताल में पहुंचाया। रतनदीप की मौत से हरदीप व बीना सदमें में आ गए। दोनों को परिजनों ने संभाला। मौके पर मिठाई व केक बिखर गए। हरदीप इंजीनियर है और बीना सीतापुरा में एक निजी कंपनी में काम करती है।