पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पिकअप कार में टक्कर, सीट बेल्ट से बची डॉक्टर की जान

पिकअप-कार में टक्कर, सीट बेल्ट से बची डॉक्टर की जान

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर। जेएलएन मार्ग पर जेडीए चौराहे पर शनिवार देर रात को तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रही एक कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार चला रहे एसएमएस अस्पताल के डॉक्टर धनंजय अग्रवाल व उनके भाई घायल हो गए। गनीमत रही कि उन्होंने कार चलाते वक्त सीट बेल्ट बांध रखा था। इससे जान बच गई। उनका एसएमएस अस्पताल के कॉटेज वार्ड में उपचार चल रहा है। दुर्घटना थाना पूर्व ने क्षतिग्रस्त पिकअप व कार को जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार डॉक्टर धनंजय अग्रवाल एसएमएस अस्पताल के नेफ्रोलॉजी वार्ड में प्रोफेसर हैं। वह शनिवार देर रात करीब पौने दो बजे कार से अपने भाई को जवाहर नगर से रेलवे स्टेशन की तरफ छोड़ने जा रहे थे। उन्हें ग्वालियर जाना था। कार को डॉक्टर धनंजय चला रहे थे। वे जेएलएन मार्ग पर जेडीए चौराहे से गुजर कर रामबाग सर्किल रोड की तरफ जा रहे थे। तभी सामने से आ रही बोलेरो पिकअप ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
कार के सीट बेल्ट बांध रखने से डॉक्टर धनंजय व उनके भाई बच गए। वे दोनों आगे के शीशे व स्टेयरिंग से तेजी से नहीं टकराए। घटनास्थल पर नाकाबंदी पर मौजूद ट्रैफिक के एएसआई रामस्वरूप व उनके साथी पुलिसकर्मियों ने मदद कर डॉक्टर व उनके भाई को बाहर निकाला। फिर 108 एंबुलेंस से उन्हें एसएमएस अस्पताल पहुंचाया।