पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Congress, Rajasthan, Rajasthan News, Jaipur,

लैपटॉप के जरिए युवाओं को कांग्रेस से जोडऩे की कोशिश

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी ने 21वीं सदी का जो नारा दिया था, हम राज्य में उसी सोच को लेकर आगे बढ़ गए हैं। लैपटॉप और टेबलेट से स्टूडेंट्स आईटी के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री गहलोत यहां मालवीय नगर स्थित राजकीय बालिका स्कूल में राजीव गांधी विद्यार्थी डिजिटल योजना के शुभारंभ के मौके पर समारोह को संबोधित कर रहे थे।

गहलोत ने कहा कि जब हमने साइकिल के लिए कैश दिया तो कुछ लोगों ने आलोचना की, लेकिन अनुभव अच्छा रहा। एक लड़की साइकिल लेकर स्कूल गई तो दूसरी ने अपने परिवार में जाकर साइकिल की डिमांड की और बांटे गए कैश से साइकिलें आ गई वो भी उनके पसंद की।

ऐसे ही उन्हें उम्मीद है कि स्टूडेंट्स 6 हजार रुपए के चैक का उपयोग तुरंत ही टेब खरीदने में कर लेंगे। इससे पढ़ाई की गुणवत्ता बढ़ेगी। जिसके पास ज्ञान है वह पावरफुल है। नई पीढ़ी भी अब पावरफुल होगी तो देश और विदेशों की कंपनियों में उनके लिए रास्ते खुल जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन्हें टेब नहीं मिल रहे हैं वे निराश नहीं हों। नंबर तो बढ़ते जाएंगे, आप पढऩे में मन लगाएं। सरकार टेब बांटने में कोई परवाह नहीं करेगी।

मैं भी ऐसे ही घूमता था
गहलोत ने कहा कि मैं भी जब छोटा था तो एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं की तरह झंडे लेकर घूमता था। घूमते-घूमते मैं अब दो बार मुख्यमंत्री बन गया। ऐसे ही आपकी किस्मत भी बदल सकती है।

यह थी योजना
10वीं -12वीं कक्षा में प्रथम आने वाले 10-10 हजार व कक्षा 8 में प्रथम आने वाले 36000 स्टूडेंट्स को लैपटॉप व दूसरे से 11वें स्थान पर आने वालों को टेबलेट पीसी देने की योजना थी। इसके तहत जयपुर में 10 स्टूडेंट्स को लैपटॉप के सर्टिफिकेट और 100 को 6 हजार रुपए के चैक वितरित किए गए।

वे बीमारू हैं जो बार-बार इंग्लैंड जाते हैं : धारीवाल
समारोह में नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि वे सरकार को बीमारू सरकार कहते रहे, जबकि हमने तो इतनी योजनाएं दीं। बीमारू तो वे हैं जो बार-बार इंग्लैंड जाते हैं, इलाज कराने। समारोह को सांसद महेश जोशी ने भी संबोधित किया। स्वागत प्रमुख सचिव (शिक्षा) वीनू गुप्ता ने किया। इस मौके पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ए. अहमद खां, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष माहिर आजाद, राजस्थान फाउंडेशन के उपाध्यक्ष राजीव अरोड़ा, महापौर ज्योति खण्डेलवाल तथा विधायक भगवान सहाय सैनी भी मौजूद थे।

किरोड़ी की इंसाफ रैली और पोल खोल यात्रा कल से
अलवर त्न राजपा नेता और दौसा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा गोपालगढ़ गोली कांड के विरोध में 16 मई को इंसाफ रैली और पोल खोल यात्रा अलवर जिले से शुरू करेंगे। इसी दिन दोपहर ढाई बजे पहाड़ी में और शाम साढ़े 6 बजे टपूकड़ा में जनसभा होगी। राजपा के जिला संयोजक फतेह सिंह यादव ने यहां पत्रकारों को बताया कि 17 मई को वे कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों के साथ दिल्ली कूच करेंगे और दिल्ली के रामलीला मैदान में धरना व प्रदर्शन होगा।

यहां केंद्र सरकार से गोपालगढ़ मामले में पीडि़तों को न्याय देने और दोषी अधिकारियों को निलंबित कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। यादव ने बताया कि दौसा अलवर सीमा पर डॉ. मीणा का स्वागत किया जाएगा। वे रामगढ़, गोबिंदगढ़, नगर, सीकरी, गोपालगढ़ होते हुए पहाड़ी पहुंचेंगे, जहां जनसभा होगी। यहां से झिरका फिरोजपुर, तिजारा होते हुए टपूकड़ा पहुंचेंगे, जहां सभा होगी।

रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन डॉ. मीणा कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली के लिए कूच करेंगे। पत्रकारों से बातचीत में प्रवक्ता अजय पूनिया, पार्टी के शादी खां ने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा और कांग्रेस ने षड्यंत्र पूर्वक गोलीकांड कराया। इस मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी अनदेखी की, इसलिए राज्य सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं।