पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

फतहसागर पहली बार 14 फीट पर, ओवरफ्लो देखने पाल पर उमड़ आया शहर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उदयपुर. फतहसागर का जलस्तर शनिवार दोपहर 2.45 बजे 14 फीट होते ही चारों गेट दो-दो इंच खोल दिए गए। यह पहला मौका था जब झील का जलस्तर 13 के मुकाबले 14 फीट हो सका। ओवर फ्लो पॉइंट पर लगे आयरन गेट की ऊंचाई तीन फीट करने से भराव क्षमता बढ़ सकी। हालांकि इसकी वजह से नेहरू गार्डन में पानी घुस गया। मदार नहर से लगातार पानी आता देख दोपहर 2.45 बजे जल संसाधन विभाग की टीम ने झील के चारों गेेट दो-दो इंच खोले तो पानी दूधिया झरने की शक्ल में गिरने लगा। शाम तक गेट के ऊपर से भी पानी बहने लगा।
यह नजारा देखने का इंतजार कर रहे सैकड़ों शहरवासी झील पर उमड़ पड़ा। इधर, स्वरूपसागर के गेट भी एक-एक फीट खुले रहने से गुमानिया नाला में बहाव बना रहा। दोहरी आवक से यूआईटी पुलिया डूबी रही। तीन तरफा पानी आने से आयड़ नदी वेग बह रही है। इसमें स्वरूपसागर और फतहसागर के साथ मदार छोटा व बड़ा तालाब से आवक हो रही है। इससे उदयसागर के गेट चौथे दिन भी खुले रहे। दूसरी ओर, सीसारमा नदी में पानी का बहाव सुबह आठ बजे आठ फीट था, जो शाम तक छह फीट हो गया।
सबसे ज्यादा बार सितंबर में छलका
41 साल में 4 बार उदयसागर के बाद छलका फतहसागर।
1973 से अब तक फतहसागर 21 बार छलका, 2014 सहित चार बार उदयसागर के बाद ओवरफ्लो।
41 साल में अगस्त में 10, सितंबर में नौवीं और अक्टूबर में एक बार छलका।
5 साल से एक साथ लबालब हो रही हैं फतहसागर और पीछोला झील।
ट्रैफिक डायवर्ट किया
यूआईटी से आगे नीलकंठ महादेव मंदिर मार्ग को वन-वे कर दिया गया है। आमजन इस मार्ग पर वाहन से फतहसागर नहीं जा पाएंगे। वाहनों के निकलने की ही व्यवस्था रहेगी। वाहन चेतक सर्कल से काला किवाड़ होते हुए फतहसागर जा सकेंगे। यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुचारू रखने के लिए 20 जवान लगाए गए हैं।
रात साढ़े 11 बजे बाद बंद होंगे गेट, सुबह खुलेंगे
इस बार ओवरफ्लो का झरना ज्यादा समय तक दिखाने की तैयारी है। इसके लिए ओवर फ्लो के गेट रात साढ़े 11 बजे बाद बंद करने और सुबह छह बजे वापस खोलने की योजना है। मकसद यही है कि ओवर फ्लो से बहने वाले पानी की भरपाई मदार नहर से हो जाए। एईएन भुवनेश्वर माथुर ने बताया कि मदार नहर के मौजूदा जलस्तर को देखते हुए फतहसागर का झरना कम से कम 10 दिन चल सकता है। जल संसाधन विभाग यह अवधि बढ़ाने की तैयारी में है।
लाइव देखने 10 हजार यूजर ऑनलाइन आए
प्रशासन ने ओवर फ्लो का लाइव टेलीकास्ट ऑनलाइन दिखाने के लिए www.udaipur.nic.in व्यवस्था की थी, लेकिन सर्वर ओवर लोड हो गया। इस पर एक बार में अधिकतम 500 यूजर्स ऑनलाइन आ सकते हैं। इनकी संख्या 10 हजार हो गई। नतीजतन कुछ ही लोग ओवरफ्लो के नजारे देख पाए। कलेक्टर आशुतोष पेडणेकर ने बताया कि ऑनलाइन में हम फतहसागर ओवरफ्लो के स्टिल फोटो के बजाय लाइव वीडियो कवरेज दिखा रहे हैं। इसके चलते सर्वर पर लोड ज्यादा हो गया।
कभी भी खोल सकते हैं देवास प्रथम बांध के गेट
कैचमेंट से लगातार आवक बनी रहने से 34 फीट भराव क्षमता वाला देवास प्रथम बांध भी लबालब हो गया। विभाग ने गेट खोलकर पानी पीछोला की ओर डायवर्ट करने की तैयारी कर ली है, ताकि वल्लभनगर बांध और उसके बाद बड़गांव बांध को भरा जा सके।
शहर में सुबह तक पौने दो इंच बारिश : शहर में शनिवार को पांचवें दिन बारिश का दौर धीमा पड़ा। दोपहर में कहीं रिमझिम और कहीं बूंदाबांदी हुई। इससे पहले सुबह आठ बजे तक शहर मेें पौने दो इंच पानी बरसा। गोगुंदा में दो, ऋषभदेव में एक इंच बारिश हुई।