जयपुर. जयपुर पोलो सत्र में हादसों की सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। अब तक पांच खिलाड़ी मैच के दौरान घोड़ों से गिरकर चोटिल हो चुके हैं, वहीं शुक्रवार को मैच के दौरान एक घोड़ी की मौत हो गई। रामबाग पोलो ग्राउंड पर सहारा वॉरियर्स व पोलो कंपनी के बीच मैच के दौरान पोलो कंपनी के उदय कलान जब तीसरे चक्कर के बाद घोड़ी बदलने जा रहे थे, तो उनकी घोड़ी की मौत हो गई। मौजूदा सत्र में इस तरह की घटना पहली बार हुई है। पिछले साल एक ही मैच में दो घोड़े मर गए थे। आयोजकों के अनुसार हार्ट अटैक के कारण शुक्रवार को घोड़ी की मौत हुई।