जयपुर. जयपुर डिस्कॉम में अब बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के घरों में लाल रंग का मीटर बॉक्स लगाया जाएगा, ताकि समाज के सामने बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं की पहचान उजागर की जाए। इसको लेकर बिजली कंपनी ने कवायद शुरू कर दी है। इसको लेकर ओएंडएम व विजिलेंस विंग के आला इंजीनियरों ने प्रस्ताव बनाना शुरू कर दिया है।
विद्युत अधिनियम के तहत पहली बार चोरी करने पर जुर्माना लगाने का प्रावधान है। वहीं दूसरी बार बिजली चोरी करने पर जुर्माने के साथ ही पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाने का प्रावधान है। ऐसे में कई बार विजिलेंस चैकिंग के दौरान उपभोक्ता के पहले बिजली चोरी की विजिलेंस चैकिंग रिपोर्ट (वीसीआर) की जानकारी नहीं मिल पाती है तथा आदतन बिजली चोरी करने वाले लोगों की पहचान नहीं हो पाती। इसको लेकर बिजली कंपनी के इंजीनियरों ने बिजली चोरी पकड़ में आने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शनों पर लाल रंग का मीटर बॉक्स लगाने की कवायद शुरू की है। राजस्थान डिस्कॉम्स के चेयरमैन की अनुमति मिलने के बाद इसी फील्ड में लागू किया जाएगा।