( नाहरगढ़ किले का भव्य नजारा।)
जयपुर। आगामी 27 सितंबर को दुनिया भर में वर्ल्ड टूरिज्म डे मनाया जाएगा। इस खास दिन के लिए dainikbhaskar.com आपको देश के
खूबसूरत पर्यटन स्थलों को जानकारी दे रहा है। आज हम आपको अपने किलों और महलों के लिए प्रसिद्ध राजस्थान के एक किले नाहरगढ़ के बारे में बताने जा रहे हैं। जयपुर शहर की सुरक्षा के लिए बनवाया गया यह किला अपनी ख़ूबसूरती के कारण देश और दुनिया के पर्यटकों के अलावा फिल्म इंडस्ट्री को भी आकर्षित कर रहा है।
अकबर के नौरत्नों में एक ने बनवाया था ये महल
नाहरगढ़ किले का निर्माण 1734 ईसवीं में अकबर के नौ रत्नों में एक रहे महाराजा मान सिंह ने करवाया था। महाराजा मान सिंह ने जयपुर की स्थापना भी की थी। अरावली की पहाड़ियों पर बना यह किला आमेर और जयगढ़ किले के साथ मिलकर जयपुर शहर को सुरक्षा देने के हिसाब से बनवाया गया था।
आत्मा ने रोका था किले का काम
कहा जाता है कि किले के निर्माण के दौरान अजीब घटनाएं सामने आ रहीं थी। मजदूरों को दूसरे दिन अपना काम बिगड़ा हुआ मिलता था। इसके बाद पता करने पर जानकारी मिली कि य़ह जगह राठौर राजा नाहर सिंह भोमिया की थी। उनकी आत्मा की वजह से निर्माण में इस तरह की दिक्कतें सामने आ रही थी। जिसके बाद सवाई राजा मान सिंह ने पास ही पुराना घाट पर उनके लिए एक छोटा सा महल का निर्माण करवाया। नाहर सिंह की आत्मा को जगह मिलने के बाद महल के निर्माण में कभी भी गड़बड़ी नहीं आई।
आत्मा के कारण बदला किले का नाम
इस किले का पहले नाम सुदर्शनगढ़ था, लेकिन राठौर राजा नाहर सिंह भोमिया की आत्मा का किस्सा आने के बाद इसका नाम बदलकर नाहरगढ़ कर दिया गया।
9 रानियों के लिए करवाया था शाही भवनों का निर्माण
किले में राजा को अपनी सभी रानियों से बराबर प्रेम था। यही कारण था कि उन्होंने सभी रानियों के लिए अलग-अलग शाही कमरों का निर्माण करवाया था। इसके लिए खास तौर पर आर्किटेक्ट को निर्देश दिए गए थे। इसे बनाने का श्रेय जयधर भट्टाचार्य को जाता है जिन्होंने रानियों ने के भवन का निर्माण किया था। रानियों के लिए मानवेन्द्र भवन में एक जैसे 12 शाही कमरे बनवाए गए थे। राजा की 9 रानियों के लिए अलग से शाही कक्ष का निर्माण किया गया था। इनकी खासियत यह थी कि दूसरी रानियों के जानकारी के बगैर राजा किसी भी रानी के पास जा सकते थे। इतना ही नहीं हर रानी के कमरे के दरवाजे के सामने रानी का नाम भी लिखा हुआ था, जिसकी झलकियां आज भी देखने को मिलती हैं।
आगे की स्लाइड्स में देखिए नाहरगढ़ किले की कुछ चुनिंदा तस्वीरें.....