पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सांगानेर में हज हाउस की जमीन का आवंटन हुआ निरस्त

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर. गत भाजपा सरकार के दौरान वर्ष 2005 में जेडीए की ओर से सांगानेर में हज हाउस के लिए करीब पांच बीघा जमीन का जो आवंटन किया था, उस पर आवंटन शर्तों मुताबिक काम नहीं करने को लेकर जेडीए न उसका आवंटन निरस्त कर दिया है। खास बात यह है कि इस आवंटन को लेकर तत्कालीन भाजपा विधायक घनश्याम तिवाड़ी, बजरंग दल, विश्व हिंदु परिषद आदि ने भारी विरोध किया था। यही नहीं मुख्यमंत्री ने भी इसी विरोध के बीच ही हज हाउस का शिलान्यास किया था। आवंटन रद्द करने के पीछे जेडीए ने समयबद्ध तरीके से निर्माण नहीं करने को कारण बताया है। जेडीए की ओर से हज हाउस की इस जमीन को एक रुपए टोकन मनी लेकर आवंटित किया था।

जानकारी हो कि इससे पहले जेडीए की ओर से कई संस्थाओं को रियायती या एक रुपए टोकन मनी में दी गई बेशकीमती जमीनों के आवंटन रद्द करने की कार्रवाई की गई है, क्योंकि उनकी ओर से इन जमीनों पर आवंटन शर्तों के मुताबिक काम नहीं किया था। इनमें वनस्थली विद्यापीठ की जमीन सहित जवाहर सर्किल के पास स्व. गोकुल भाई भट्ट की स्मृति में राजस्थान समग्र सेवा संस्थान को दी गई जमीन जैसे कई मामले हैं।
कर्बला में तैयार हो चुका है हज हाउस
गहलोत सरकार की ओर से भाजपा सरकार से पहले ही हज हाउस के लिए कर्बला में जमीन आवंटित की थी। इस पर हज कमेटी ने हज हाउस बना लिया है। तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हज हाउस का उद्घाटन भी कर दिया है। वर्तमान में हज कमेटी के कई काम यहीं से संचालित हो रहे हैं। मसलन हज यात्रियों के लिए रिपोर्टिंग पोइंट भी अभी इसी हज हाउस में बना है। यहीं से बसों के माध्यम में हज यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए ले जाया जा रहा है।
दो साल में निर्माण करना था जो नहीं किया

चार निरस्त आवंटन में इंद्रावती बागडोरिया संस्थान सहित बैंक ऑफ बड़ौदा और शिक्षा सागर के आवंटन भी शामिल हैं। अन्य तीन आवंटन में तो कुछ काम किया हुआ था, लेकिन हमने फिर भी शर्तों का पूरा पालन नहीं करने के कारण उनका भी आवंटन निरस्त किया। वहीं हज हाउस की जमीन पर अभी तक कोई निर्माण नहीं हुआ, जो कि आवंटन शर्तों के खिलाफ था। हज हाउस की 12 हजार स्क्वायर मीटर जमीन (करीब पांच बीघा) का आवंटन 2003 में करके 2005 में कब्जा सौंप दिया था। आवंटन शर्तों के मुताबिक दो साल में उन्हें निर्माण कार्य पूरा करना था, जो नहीं किया गया।
-विनीता सिंह, जोन उपायुक्त-8, जेडीए
हम मुख्यमंत्री से बात करेंगे
हमें पिछली बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सांगानेर में हज हाउस के लिए जमीन आवंटित की थी। लेकिन फिर मामला कोर्ट में चले जाने के चलते हम समय पर यहां समय रहते निर्माण कार्य नहीं करा सके। अब जेडीए ने आवंटन शर्तों की पालना नहीं होने को लेकर आवंटन निरस्त किया है तो हम फिर मुख्यमंत्री को इस पूरे मामले से अवगत कराते हुए आवंटन बहाल करने की गुजारिश करेंगे।
-सलीम कागजी, अध्यक्ष, स्टेट हज कमेटी