(विरोध रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकती पुलिस)
जयपुर. सदन में गुरुवार को पेश हुए भू-अर्जन बिल का विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर के नेतृत्व में भारतीय किसान संघ सहित कई संगठनों ने विधानसभा पर विरोध-प्रदर्शन किया। मेधा पाटकर ने बिल को ब्रिटिशकालीन बताया। कहा- सरकार जन विरोधी रुख अपना रही है। विरोध रैली लालकोठी से विधानसभा पहुंची। बाद में विधानसभा में चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र राठौड़ को ज्ञापन सौंपा।
...और सदन में तीन बिल पास
शिक्षा मंत्री ने माना- स्कूलों के एकीकरण में गलतियां हुई
एकीकरण के नाम पर सरकारी स्कूलों को बंद करने का विरोध गुरुवार को विधानसभा में भी हुआ। कांग्रेस के विरोध के बाद खुद शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ ने पहली बार सदन में स्वीकारा कि इसमें कई जगह गलतियां हुई हैं। सुधार के लिए सार्वजनिक रूप से 31 अगस्त तक आपत्तियां मांगी गई थी। 17 हजार में से सिर्फ 2500 स्कूलों को लेकर ही शिकायत मिली। इनका समाधान दो-तीन दिन में कर दिया जाएगा। इससे पहले कांग्रेसी विधायक सुखराम विश्नोई ने स्थगन के जरिए मामला उठाया।
स्कूलों के एकीकरण में सरकार पर तय मापदंडों को दरकिनार करने का आरोप लगाया। कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह ने सरकार से पूछा-एकीकरण करके स्कूल बंद करने या विलय करके बंद करने में अंतर क्या है। अंतत: स्कूल तो बंद हो ही गए ना।
ये बिल पास हुए
भूमि विधियां (संशोधन) बिल, 2014
ये होगा : किसान अपनी जमीन बिना भू उपयोग रूपांतरण करवाए सोलर-विंड पावर प्लांट के लिए कंपनियों को 30 साल के लिए लीज पर दे सकेंगे।
विधानसभा (अफसर और सदस्यों की परिलब्धियां व पेंशन) (संशोधन) बिल
ये होगा : पूर्व विधायक की मृत्यु के बाद आश्रित को ढाई हजार रु. की जगह 3500 रु. पेंशन मिलेगी।
दंड प्रक्रिया संहिता (राजस्थान संशोधन) विधेयक-2014
ये होगा : प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट आबकारी अधिनियम मामलों में 50 हजार रु. तक का जुर्माना कर सकेंगे। अब तक न्यायिक मजिस्ट्रेट 10 हजार रु. तक का ही जुर्माना कर सकते थे।
भू-अर्जन बिल प्रवर समिति को भेजा
राजस्थान भूमि अर्जन विधेयक 2014 फिलहाल टल गया है। गुरुवार को जब विधेयकों पर चर्चा शुरू हुई तो संसदीय कार्यमंत्री राजेंद्र राठौड़ ने इसे प्रवर समिति को सौंपने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने स्वीकृति दे दी। समिति अगले सत्र में इसका प्रतिवेदन देगी। समिति इस विधेयक के सभी प्रावधानों का परीक्षण करेगी।
आगे की स्लाइड्स में देखें विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें...