पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Meyer Crying Because A House Matter Jaipur Rajasthan

बैठक में रो पड़ीं मेयर, घर के सामने बनी मकान थी वजह

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जयपुर. नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक में गुरुवार को लाइट समिति के चेयरमैन संजीव शर्मा की ओर से मेयर पर की गई टिप्पणी पर खूब हंगामा हुआ। मेयर के घर के सामने बनी दुकान मेयर की सिफारिश पर सील किए जाने के आरोप पर चेयरमैन व मेयर ज्योति खंडेलवाल में जमकर कहासुनी हुई। उधर, हंगामे पर गुस्साए पार्षद रिद्धकरण परसरामपुरिया ने बैठक के दौरान पानी की बोतल फेंकी।

उनके द्वारा असंसदीय भाषा का प्रयोग किए जाने से खफा मेयर ने दोनों ही मामले सरकार को भेजने की धमकी दी। कई बार मेयर व सदस्यों के बीच कहासुनी हुई। बैठक के एजेंडे में 24 प्रस्ताव थे। इसके अलावा चार अतिरिक्त प्रस्ताव भी रखे गए।

दूसरी तरफ पार्षद देवेंद्रसिंह शंटी की ओर से अतिरिक्त एजेंडे में लाए गए झालाना बाईजी की कोठी सर्किल का नाम सिखों के नवें गुरु तेगबहादुर के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई। नगर निगम के 22 कर्मचारियों को सीवरेज फार्म में भूखंड देने व पदोन्नति के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। गांधी एनक्लेव योजना के तीन भूखंड धारकों को 31 जनवरी तक का समय दिया गया, ताकि वे बकाया राशि जमा करा सकें।


मेयर की सिफारिश पर दुकान सील करने की बात पर हुआ हंगामा
मेयर के घर के सामने निगम ने बुधवार को एक दुकान सील की थी। स्थानीय पार्षद सुनीता आकड़ ने इसका विरोध किया। आकड़ का कहना था कि रिपेयरिंग की बात पर ही दुकान को क्यों सील कर दिया गया। इस मामले पर संजीव शर्मा ने हवामहल पश्चिम के आयुक्त मदन कुमार शर्मा से स्पष्टीकरण लेने की बात कही, लेकिन मेयर सहमत नहीं हुई।

इस पर गुस्साए संजीव ने कहा कि कमिश्नर का आप बचाव क्यों करती हैं। उनसे आपका ऐसा क्या व्यवहार है। संजीव की इस टिप्पणी पर गुस्साई महापौर ने कहा कि वे मेरे भाई हैं, मेयर भावुक हो गईं और उनके आंसू निकल आए। मेयर ने कहा कि वे एक महिला पर इस तरह की टिप्पणी कैसे कर सकते हैं। बाद में पार्षदों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

समिति करेगी अभियोजन स्वीकृति पर फैसला
निगम में अभियोजन स्वीकृति से संबंधित मामलों की जांच के लिए मेयर की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया। इसमें डिप्टी मेयर मनीष पारीक व समझौता समिति के चेयरमैन निर्मल नाहटा को शामिल किया गया। इसी तरह फायरमैन एवं फायर शाखा व विद्युत शाखा के कर्मचारियों को 350 रुपए पारितोषिक देने के लिए विद्युत, गैराज व फायर समिति को निर्णय की जिम्मेदारी दी गई।

कार्यकारिणी समिति की बैठक में मेयर के घर के सामने की दुकान सील करने को लेकर चेयरमैन ने लगाए आरोप, कहा कमिश्नर से क्या व्यवहार है, जो सही बनी दुकान को भी आपके कहने पर सील कर दिया, हंगामे से खफा दूसरे पार्षद ने फेंकी पानी की बोतल, मेयर ने दोनों ही मामले सरकार को भेजने की धमकी दी