पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जयपुर से दिल्ली के लिए बनेगा नया एक्सप्रेस-वे, 11,700 करोड़ रपए खर्च होंगे

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जयपुर। जयपुर से दिल्ली के लिए नया हाइवे बनेगा। यह हाइवे अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों के मुकाबले कुछ अलग होगा। मौजूदा सड़कों की तरह इस हाइवे पर घोषित रूप से कोई स्टॉपेज नहीं होगा। यह आबादी से दूर रहेगा। ये उन्हीं लोगों के काम आएगा जो जयपुर से सीधे दिल्ली आएंगे-जाएंगे।

बीच रास्ते में न तो वाहन चढ़ सकेंगे और न ही उतर सकेंगे। जयपुर से दिल्ली के बीच सिर्फ पांच जगह ही ऐसी होंगी जहां से वाहनों की एंट्री और एक्जिट होगी। कोई जानवर भी सड़क को पार न कर सके, इसके लिए जमीन से सड़क की ऊंचाई 2.5 से 3 मीटर होंगी।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अफसरों के अनुसार करीब 10 हजार बीघा जमीन का अधिग्रहण होगा। जयपुर से दिल्ली तक 225 किमी में 90 मीटर चौड़ाई में जमीन अवाप्ति होगी। प्रोजेक्ट का खाका बनाते समय खासतौर से यह ध्यान रखा गया है कि कम से कम निर्माण प्रभावित हो, और हाइवे का ज्यादातर हिस्सा खेतों में से निकले। हरित क्षेत्र से निकलने के कारण ही इसे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के नाम से जाना जाएगा।

दौलतपुरा से निकल गुडग़ांव के पास मिलेगा
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे मौजूदा 200 फीट बाईपास पर दौलतपुरा टोल प्लाजा के नजदीक से निकलेगा और दिल्ली-गुडगांव के बीच शिव मूर्ति के पास दिल्ली हाइवे से मिलेगा।


इन ग्राम पंचायतों की जमीन आएगी अवाप्ति में जिन ग्राम पंचायतों की जमीनें अवाप्ति में आएंगी, उनमें मुख्य रूप से नायन, राडावास, विजयसिंहपुरा और दौलतपुरा शामिल हैं। इनके अलावा हरियाणा के सुल्तानपुरा, बासुंडा, जमालपुरा, राजपुरा व मेलावास गांवों की जमीनें भी एक्सप्रेस-वे की सीमा में आएंगी। एक्सप्रेस वे में करीब 900 मकान आएंगे, जिनमें रह रहे लोगों को शिफ्ट करना पड़ेगा।


भिवाड़ी और चंदवाजी को जोडऩे के लिए लिंक रोड
एक्सप्रेस-वे से दो लिंक हाइवे निकलेंगे जो भिवाड़ी और चंदवाजी से इसको जोडेंग़े। भिवाड़ी की दूरी 37 किमी और चंदवाजी की दूरी 10 किमी रहेगी।