जयपुर. शहर के झोटवाड़ा व कालवाड़ रोड की दर्जनों कॉलोनियों के लोगों को चिकित्सा सेवाएं देने के लिए झोटवाड़ा में जिला या सेटेलाइट अस्पताल बनाने का प्रस्ताव जल्दी ही सरकार को भिजवाया जाएगा। शहर को जोड़ने वाले चारों नेशनल हाइवे पर ट्रोमा सेंटर कम सीएससी बनाने का भी प्रस्ताव भी भेजा जाएगा। सरकारी योजनाओं की समीक्षा व बजट योजनाओं की क्रियान्विति के लिए जिला स्तर पर हुई बैठक में जिला प्रभारी मंत्री कालीचरण सराफ ने इसके निर्देश दिए।
बैठक में अजमेर रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर के लिए अवाप्त भूमि पर अन्तरराज्यीय बस स्टैण्ड बनाने के प्रस्ताव भी सरकार को भिजवाने का निर्णय लिया गया, ताकि 8 लाख यात्रियों को राहत मिल सके। इस बस स्टेंड को सभी नेशनल हाइवे से जोड़ा जाएगा। सरकारी विभागों को एक ही बिल्डिंग में करने के लिए नवीन मिनी सचिवालय का निर्माण व कलेक्ट्रेट भवन विस्तार का प्रस्ताव भी बनाया जाएगा।
जिला प्रभारी सचिव व पीडब्ल्यूडी प्रमुख सचिव डी.बी.गुप्ता ने शिवदासपुरा में ट्रांसपोर्ट हब विकसित करने की योजना का परीक्षण कराने व रिंग रोड की कनेक्टिविटी को सही करने के लिए कहा। बैठक में कलेक्टर कृष्ण कुणाल ने हाइवे पर अग्निशमन यंत्र, एम्बुंलेंस, ट्रोमा यूनिट व सूचनात्मक बोर्ड लगाने के लिए एनएचएआई को बताने की जानकारी दी। बैठक में विधायक रामलाल शर्मा, जगदीश मीणा, निर्मल कुमावत, सुरेंद्र पारीक, फूलचंद भिंडा सहित पुलिस, प्रशासन सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
दशकों की उम्मीद ने भरी उड़ान
19 नवंबर 1985 में झोटवाड़ा-पंखा पर पंचायत समिति कार्यालय के पास स्वास्थ्य केंद्र का तत्कालीन चिकित्सा मंत्री हीरालाल देवपुरा और मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर ने शिलान्यास किया था। ये क्षेत्र पहले ग्रामीण इलाके में था। इसके बाद तत्कालीन कांग्रेस सरकार इसे भूल गई। समय गुजरता गया और ये क्षेत्र शहरी क्षेत्र सीमा में आ गया। इसके बाद सेटेलाइट अस्पताल की मांग उठी। वर्ष 2000 में बीडी यादव ने एक पत्र संयुक्त निदेशक योजना चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को लिखा था। तब जवाब मिला कि वित्तीय प्रावधान उपलब्ध नहीं होने की वजह से भवन बनाना संभव नहीं है। इस मामले को लेकर 1998 से महेश चंद्र शर्मा, नरेंद्र पाड़े, कैप्टन लियाकत अली, कैप्टन आरएस माथुर, मधू सुदन कुमावत, दिलीप सिंह महरौली सहित कई समाजसेवी सेटेलाइट अस्पताल की मांग पर आंदोलन कर रहे हैं। विधायक नरपत सिंह राजवी भी अपने घोषणा पत्र में सरकारी अस्पताल का समर्थन कर चुके है।
ये प्रस्ताव सरकार को भिजवाएंगे
> नेशनल हाइवे पर स्थित दूदू, शाहपुरा, चाकसू व चौमूं में ट्रोमा सेंटर कम सीएससी बनाए जाएं।> फागी- चाकसू-तूंगा-बस्सी स्टेट हाईवे का निर्माण हो।
> झोटवाड़ा में जिला चिकित्सालय की स्थापना हो।
> चाकसू में सरकारी अस्पताल की स्थापना हो।
> निगम क्षेत्र में 4 नए जोन बनाए।
> बगरू, चाकसू, चौमूं, फागी, शिवदासपुरा, बस्सी, शाहपुरा सहित अन्य कस्बों को उपनगर के रुप में विकसित हो।
> जिले में रेगुलर कैरियर काउंसिलिंग सेन्टर व सांगानेर में मिनी सचिवालय बनाया जाए।
> बाईस गोदाम, सुदर्शनपुरा व करतारपुरा में स्थित औद्योगिक क्षेत्र व केंद्रीय जेल को शहर के बाहरी क्षेत्र में ट्रांसफर किया जाए।
> शहर के बीसलपुर योजना से नहीं जुड़े क्षेत्र को भी जोड़ने के लिए बने प्रस्ताव ।
अफसरों को दिए ये निर्देश
> जेडीए कल्याण नगर व अर्जुन नगर में निर्माणाधीन अण्डरब्रिज का काम जल्दी पूरा हो।
> जेडीए करतारपुरा नाले पर स्वेज फार्म से महेश नगर तक 6 लेन सड़क बनाने के लिए प्रस्ताव सरकार को भिजवाएं।
> नगर निगम शहर के श्मशान घाटों व कब्रिस्तानों के बिजली बिलों का समय पर भुगतान करें।
> जयपुर डिस्कॉम के इंजीनियर किसानों को खेती के लिए बकाया बिजली कनेक्शन जारी करे तथा दिन में बिजली सप्लाई करंे।
> पुलिस शहर में किराएदारों व नौकरी का सत्यापन व रजिस्ट्रेशन करंे। महिला हेल्प डेस्क के टोल फ्री नंबर 1090 का प्रचार करें।
> जलदाय विभाग गर्मी से पहले पेयजल योजनाएं पूरी कर ले।
> शहर में कानून व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
> जेडीए रीजन में शामिल 120 ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता से विकास करवाएं तथा अतिक्रमण हटाएं।