जयपुर। गुरुवार को सुबह होने ही वाली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के नीचे ठेलों पर सो रहे पांच लोगों को टैंकर ने कुचल दिया। अलसुबह चीख पुकार मचने से इलाके में सनसनी फैल गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। चार को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद टैंकर चालक गाड़ी छोड़ फरार हो गया।
हादसे में शांति कॉलोनी घाट की गूणी निवासी उस्मान (35) की मौत हो गई। उस्मान का ढाई साल का बेटा शाहरुख, फिरोजाबाद निवासी नौशाद (35), लालसोट दौसा निवासी कैलाश प्रसाद सैनी (32), रिवाली सवाई माधोपुर का नवल किशोर रैगर (34) घायल हो गए। नवल किशोर को सामान्य उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
उस्मान ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के नीचे फलों का ठेला लगाता था। रात को फल बेचने के बाद उस्मान अपने बेटे शाहरुख के साथ ठेले पर ही सो गया था। पास ही खड़े अन्य ठेलों पर भी फल विक्रेता सो रहे थे। देर रात तीन बजे जवाहर सर्किल की ओर से आया टैंकर ट्रांसपोर्ट नगर के पास बेकाबू हो गया और पुलिया के नीचे ठेलों पर सो रहे लोगों को कुचलता हुआ पुलिया के खंभे से टकराकर रुक गया।
दुर्घटना के बाद चीख पुकार मच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उस्मान को मृत घोषित कर दिया। ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के नीचे रोड इंजीनियरिंग की खामी के साथ ट्रैफिक पुलिस की भी लापरवाही दिखी। रात में सुरक्षा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने पिलरों पर कोई साइनेज नहीं लगा रखे हैं, और न ही बाईपास रोड के दोनों तरफ केट आई लगवाई।