जयपुर. जेडीए की ओर से मुहाना सांगानेर पंचायत समिति के गांव मदाऊ स्थित जगदगुरु रामानंदाचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय के सामने की जमीन से अतिक्रमण के नाम पर हटाए गए लोगों ने मंगलवार को सिविल लाइंस फाटक पर प्रदर्शन किया। विरोध कर रहे लोग फाटक पार करके मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने इन्हें रोक लिया। इस दौरान कुछ लोगों की पुलिस से झड़प हो गई।
राजस्थान राज्य विमुक्त घुमंतु एवं अर्द्ध घुमंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गोपाल केसावत की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर स्थिति से अवगत करवाया गया है। साथ ही युनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से किए जा रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाने और इस मसले पर रिसीवर नियुक्त करने की मांग की गई है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले जेडीए ने संस्कृत यूनिवर्सिटी के प्रस्तावित स्पोर्टस कॉम्पलेक्स की जमीन पर अतिक्रमण के नाम पर यहां से 30 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त करवाया था। जबकि बेदखल किए गए लोगों का कहना है कि ये लोग कई वर्षों से खातेदारी जमीन पर काबिज हैं।