(वार्ड 44, 45, 46, 47 और 48 के लोग समस्याओं व समाधान पर रूबरू हुए)
जयपुर. दैनिक भास्कर की ओर से रविवार को राजापार्क तिलक नगर के सामुदायिक केंद्र में मालवीय नगर व आदर्श नगर विधानसभा के 5 वार्ड का रूबरू कार्यक्रम रखा गया। वार्ड 44, 45, 46, 47 और 48 जो समस्याएंं सामने आईं उसमें ट्रैफिक व पार्किंग और जवाहर नगर नाला प्रमुख रहा। लोग चाहते हैं कि जवाहर नगर नाले को पक्का किया जाए। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। ये पांचों वार्ड एक दूसरे से जुड़े हुए हैं, इसलिए इनकी समस्याएं भी एक-दूसरे से भिन्न नहीं हैं। यहां की समस्या सीवरेज जाम की है।
कारण, क्षेत्र में कई बहुमंजिला इमारतें बनने से सीवरेज लाइन सिस्टम गड़बड़ा गया है। आसपास के बाजारों में वाहनों व पार्किंग का दबाव है। लोग चाहते हैं कि इन्हें बेहतर ट्रैफिक सिस्टम मिले। जवाहर नगर कच्ची बस्ती से जुड़ी कॉलोनियों में सुरक्षा नहीं है। लोगों ने वार्ड की सफाई, सीवरेज सिस्टम व ड्रेनेज सिस्टम संबंधित बेहतर समाधान बताए। कार्यक्रम में पांचों वार्डों के पार्षद व विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे। भास्कर का मकसद रूबरू के माध्यम से जनहित के लिए एक बेहतर घोषणा पत्र तैयार करना है। ताकि हर वार्ड स्मार्ट और शहर स्मार्ट सिटी बन सकें।
पांच वार्डों का घोषणा-पत्र
> बहुमंजिला इमारतें अधिक होने से पार्किंग जोन विकसित किए जाएं।
> पार्किंग एरिया हो तभी मिले बहुमंजिला इमारतों को अनुमति।
> नया सीवरेज व ड्रेनेज सिस्टम विकसित हो।
> जवाहर नगर कच्ची बस्ती का प्लान बने ।
> जवाहर नगर नाला कवर्ड हो और इस पर दुकानें बनाई जाएं।
> बाजारों का बेहतर ट्रैफिक प्लान बनाया जाए, ताकि जाम से निजात मिले।
> सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा और सुरक्षा गार्ड तैनात हों।
> राजापार्क एरिया वाईफाई हो।
> नई पेयजल लाइनें बिछाई जाएं।
आगे की स्लाइड्स में देखे तस्वीरें