जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के नीचे बुधवार रात तीन बजे टैंकर की चपेट में आने से घायल हुए ढाई साल के शाहरुख और फिरोजाबाद के नौशाद की गुरुवार रात को मौत हो गई। मासूम शाहरुख के पिता उस्मान की बुधवार को ही मौत हो गई थी। पिता-पुत्र पुलिया के नीचे ठेले पर सो रहे थे। दुर्घटना में चार लोग घायल हुए थे। फरार टैंकर चालक का शुक्रवार को भी पता नहीं चल सका।
घायल शाहरुख का एसएमएस अस्पताल के पीटी वार्ड में उपचार चल रहा था। वहां गुरुवार देर रात 3 बजे उसकी मौत हो गई। वहीं नौशाद भी गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसने गुरुवार रात आठ बजे दम तोड़ दिया। घायल लालसोट निवासी कैलाश प्रसाद सैनी और रिवाली सवाई माधोपुर निवासी नवल किशोर रैगर की हालत सामान्य है।
देखभाल के लिए साथ लाया था बच्चे को
शाहरुख की मां लल्लो बुधवार दोपहर को मथुरा के सोनई गांव में माता-पिता से मिलने गई थी। उस्मान शाहरुख को साथ ले आया। हादसे की सूचना मिलने पर लल्लो रास्ते से ही लौट आई।
माता-पिता का एक ही सहारा था नौशाद
नौशाद अपने पिता निसार तथा मां भूरी बेगम की देखभाल करता था। उसका एक और भाई है जो अभी छोटा है। नौशाद परिवार के लिए एक ही सहारा था, जो फलों का ठेला लगाकर परिवार का गुजारा करता था। नौशाद की दो साल पहले ही शादी हुई थी और डेढ़ साल से जयपुर में रह रहा था।
नहीं सुधारी बड़ी खामी
दो दिन पहले ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के नीचे जहां टैंकर ने टक्कर मारी, उस जगह रोड इंजीनियरिंग की भारी खामी छोड़ी हुई है। इस कारण रात ही नहीं, दिन में भी हादसा होने की आशंका बनी रहती है। पुल के पिलर के पास एक टेड़ा पाइप रोड पर लगा रखा है, जो राह में बाधा बना है। इसे हादसे के 48 घंटे बाद भी नहीं हटाया गया है।