बागौर (भीलवाड़ा)। गणोशपुरा के नजदीक ढलान पर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बेकाबू हुआ टैंकर कुएं में जा गिरा और वहां काम कर रहे महिला व एक मजदूर के लिए काल बन गया। गंगापुर मार्ग पर गणोशपुरा के नारायण जाट के यहां कुएं की खुदाई का काम चल रहा था।
मजदूर सुखाराम वैष्णव क्रेन चला रहा था जबकि उसकी पत्नी मांगी व कैलाश कंजर कुएं में खुदाई कर रहे थे। सुबह ग्यारह बजे बालू जाट के कुएं से एक टैंकर पानी भरकर रवाना हुआ। मुख्य सड़क पर चढ़ते समय बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने टैंकर को रोका।
इससे बाइक सवार तो बच गया लेकिन टैंकर सड़क पर चढ़ने के बजाय बेकाबू होकर पीछे की ओर लुढ़कता हुआ कुएं में जा गिरा। टैंकर में भरा करीब 20 हजार लीटर पानी भी कुएं में खाली हो गया। कुएं में मौजूद मांगी वैष्णव व कैलाश कंजर टैंकर के नीचे दब गए।
एलएनटी से खुदाई कर शवों को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दो क्रेन मंगवाई गई। शाम करीब पांच बजे टैंकर को कुएं से निकाला जा सका। कुएं का पानी निकालने के बाद शाम छह बजे दोनों शव कुएं से निकाले गए।