जयपुर। राजस्थान राज्य मंत्रालयिक कर्मचारी संघर्ष समिति के आह्वान पर वेतन विसंगतियां दूर करने की मांग को लेकर प्रदेश के 55 हजार से अधिक मंत्रालयिक कर्मचारियों ने बुधवार को सामूहिक अवकाश लिया और धरने देकर विरोध प्रदर्शन किया। इससे सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। जयपुर में सचिवालय में सामूहिक अवकाश का कोई असर नहीं दिखा।
33 जिलों में कलेक्ट्रेट पर धरने दिए गए, घंटों यातायात रहा प्रभावित
राजस्थान राज्य मंत्रालयिक कर्मचारी संघर्ष समिति के सदस्य महेश व्यास ने बताया कि सचिवालय के पिछले द्वार पर दिए गए धरना की अध्यक्षता जहूर मोहम्मद ने की। इसके अलावा सभी 33 जिलों में कलेक्ट्रेट पर सुबह 10 बजे से धरने दिए गए। इसके चलते वहां कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।
प्रवक्ता मनोज सक्सेना ने बताया सामूहिक अवकाश के कारण परिवहन विभाग, वाणिज्यिक कर विभाग, पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग, जिला कलेक्ट्रेट, आबकारी विभाग सहित कई विभागों में वित्तीय काम बंद रहा। वहीं शिक्षा विभाग, वन, कृषि, स्वास्थ्य, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी, पेंशन, निरीक्षण, बीमा, स्थानीय निधि अंकेक्षण, वित्त भवन, जलदाय विभाग, कलेक्ट्रेट, शिक्षा संकुल, आरटीओ आदि 60 विभागों में काम प्रभावित हुआ। शिक्षा संकुल में दिनभर सन्नाटा छाया रहा। सभी कर्मचारी यहां से वाहन रैली निकालते हुए सचिवालय के मुख्य द्वार पर पहुंचे।
सचिवालय कर्मी रहे अलग
सामूहिक अवकाश कार्यक्रम से सचिवालय के कर्मचारियों ने अपने आप को अलग रखा। सचिवालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शिवशंकर अग्रवाल ने विभिन्न संगठनों की 3 मई को हुई बैठक में राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति का गठन किया था। समिति ने सरकार से शांति पूर्वक वार्ता से वेतन विसंगतियों को दूर करने का फैसला किया। 26 कर्मचारी संगठनों ने सामूहिक अवकाश से अलग रखा है।
उन्होंने कहा कि आठ और संगठनों ने इस संघर्ष समिति में आस्था रखते हुए समर्थन दिया है। इनमें राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री अरुण शुक्ला, राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ एंप्लाइज फोरम मंत्रालयिक के प्रदेश संयोजक उमेश शर्मा महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, सहायक कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह धीरावत, राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद कुमार सिद्धा, महासंघ (एकीकृत) के उपाध्यक्ष विनोद उपाध्याय, मिनी सचिवालय कर्मचारी संघ के शिव प्रकाश, राजस्थान स्टेनोग्राफर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष गोपाल लाल शर्मा शामिल हैं।
इनमें राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री अरुण शुक्ला, राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ एंप्लाइज फोरम मंत्रालयिक के प्रदेश संयोजक उमेश शर्मा महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, सहायक कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष भंवर सिंह धीरावत, राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद कुमार सिद्धा, महासंघ (एकीकृत) के उपाध्यक्ष विनोद उपाध्याय, मिनी सचिवालय कर्मचारी संघ के शिव प्रकाश, राजस्थान स्टेनोग्राफर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष गोपाल लाल शर्मा शामिल हैं।