जयपुर। राज्य के जनजाति उपयोजना क्षेत्र (टीएसपी) में स्थानीय सामान्य वर्ग सरकारी नौकरियों में भारी उपेक्षित है। टीएसपी क्षेत्र में सामान्य वर्ग के अनारक्षित पदों पर अधिकतर बाहरी इलाकों के लोग ही कार्यरत हैं। यह खुलासा मुख्य सचिव सीके मैथ्यू को जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के प्रमुख सचिव की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में हुआ।
बानगी के तौर पर प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा में कांस्टेबल के अनारक्षित पदों पर 84 प्रतिशत बाहरी लोग लगे हैं। सामान्य वर्ग की नाराजगी दूर करने के लिए सरकार टीएसपी क्षेत्र में अब अनारक्षित वर्ग के पदों पर स्थानीय लोगों को ही प्राथमिकता से लगाने के लिए नियमों में बदलाव करने जा रही है।
राज्य सरकार को महाधिवक्ता जीएस बाफना ने हाल ही में राय दी थी कि टीएसपी क्षेत्र में सामान्य वर्ग के वहां प्रतिनिधित्व के डाटा एकत्र किए जाएं। सरकार ने कुछ डॉटा एकत्र किए, जिसमें स्थानीय अनारक्षित वर्ग का प्रतिनिधित्व कम पाया गया। सरकार का मानना है कि कानूनी प्रावधानों के तहत वहां स्थानीय लोगों को ही प्राथमिकता दिए जाने का नियम लागू किया जा सकता है। मैथ्यू ने 11 मई को टीएडी के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर उचित समाधान के निर्देश दिए।