पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

PICS: जब रैंप पर नजर आईं मॉडल्स तो डिजाइन्स देखकर ठहर गई हर नजर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर। चार दिन और दुनिया भर की ड्रेस के कलेक्शन। प्रदेश के साथ मुंबई और अन्य महानगरों के फैशन डिजाइनर्स ने गुलाबी नगरी में एक से बढ़कर एक कलेक्शन पेश किया। जयपुर में हुए फैशन वीक के मौके पर बॉलीवुड सितारों से भी शहर आबाद रहा, लेकिन अब प्रदेश का यही रंग सरहद के पार सेलिब्रिटी शॉपिंग के लिए मशहूर ‘दुबई’ में भी दिखेगा। इसके लिए ‘राजस्थान फैशन वीक’ दुबई में भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के डिजाइनर्स के साथ दुनिया भर के फैशन एक्सपर्ट एक मंच पर होंगे।
दिसंबर में जाएंगे दुबई
पिछले दिनों जयपुर में धमाकेदार फैशन वीक के बाद अब बारी दुबई की है। इसके लिए आयोजक तैयारी कर रहे हैं और संभवत: इस वर्ष के अंत में दिसंबर के करीब दुबई में राजस्थान फैशन वीक के नाम से एक फैशन आयोजित किया जाएगा।
आयोजक कमेटी की शालिका शर्मा ने बताया, कमेटी ने दो वर्षो तक जयपुर में शो आयोजित करने के बाद फैसला लिया कि अपने डिजाइनर्स को विदेशों में भी प्रमोट किया जाए। यही कारण है, हमने दुबई में राजस्थान फैशन वीक आयोजित करने की प्लानिंग की है। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और बहुत जल्द हम वहां जाएंगे।
वर्ष में दो बार होगा शो
जयपुर में शो की सफलता को देखते हुए अब सात समंदर पार भी शो करने की तैयारी चल रही है। इसमें अब वर्ष में एक की जगह 2 बार शो आयोजित किए जाएंगे, जिसमें एक शो हर वर्ष जयपुर में और एक शो विदेश में होगा। विदेश में होने वाले शो का वेन्यू हर बार बदलता रहेगा, जिसमें एशिया के अन्य देशों में भी शो को लेकर जाया जाएगा।
॥जयपुर में दो बार आयोजित होने के बाद आरएफडब्ल्यू ने पहचान बनाई है। अब हम प्रदेश के नाम को विदेशों में भी ले जाना चाहते हैं। इसके लिए इस वर्ष से ही एशिया के अन्य देशों में आरएफडब्ल्यू करने की योजना है, जिसकी शुरुआत हो चुकी है। दिसंबर में दुबई में राजस्थान फैशन वीक के नाम से शो करेंगे।
शिशुपाल सिंह, चेयरमैन एंड फाउंडर, राजस्थान फैशन वीक