पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Rajasthan, Jaipur News, Governor, Margaret Alva

गहलोत की मौजूदगी में बोलीं अल्वा मैं नहीं चला रही समांतर सरकार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर। राज्यपाल मारग्रेट अल्वा ने सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में कहा कि राजस्थान में इस समय राजनीतिक यात्राएं निकल रही हैं। इनमें भाजपा और कांग्रेस दोनों ओर से क्रॉस फायर हो रहे हैं, लेकिन इसमें मुझे नहीं घसीटा जाए। मुझे लेकर किसी तरह की टिप्पणियां नहीं होनी चाहिए। राज्यपाल सोमवार को राजभवन में ट्राइबल वेलफेयर सेल की नई बिल्डिंग का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बात कर रही थीं।
उन्होंने इस बात को लेकर मीडिया से भी नाराजगी जताई कि छोटी-छोटी बातों को बड़ी प्रमुखता दी जाती है। राजभवन में ट्राइबल वेलफेयर सेल बनाने का अर्थ यह नहीं लिया जाए कि हम कोई समानांतर सरकार चला रहे हैं या सरकार को गाइड करने वाले हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह सरकार भी मेरी ही है। हम लोग मिलकर काम कर रहे हैं। संवैधानिक दायित्वों के कारण से राजभवन में यह सेल बनाया गया। इसमें हम ट्राइबल से संबंधित मुद्दों को देखेंगे और उनकी समस्याओं को हल करने के लिए राज्य सरकार को सुझाव देंगे।
राज्यपाल को मुद्दा बनाना दुर्भाग्यपूर्ण : गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्यपाल ने पहले भी सरकारों के प्रति नाराजगी जाहिर की। पूर्व राज्यपाल मदनलाल खुराना ने तो भूख से मौतों को लेकर क्या कुछ नहीं कहा। वे खुद दौरा करने गए थे। तब तो प्रदेश में हमारी सरकार नहीं थी।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल अगर अपनी जिंदगी के अनुभवों के आधार पर सरकार को कोई बात कहें तो उसे तवज्जो मिलनी चाहिए। हम राज्यपाल को राजनीतिक मुद्दा बनाएं, उन्हें लेकर टिप्पणियां करें, यह उनकी गरिमा के अनुकूल नहीं है। गहलोत सोमवार को राजभवन में ट्राइबल वेलफेयर सेल के उद्घाटन के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।
सरकार से न तो नाराजगी है और न ही नाखुश हूं
राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान सरकार से मेरी कोई नाराजगी नहीं है। ऐसा भी नहीं है कि वे सरकार के कामकाज से नाखुश हैं। जो भी मुद्दे अथवा समस्याएं उनके सामने आती हैं, उनके बारे में वे अपने सुझाव सरकार को समय-समय पर भेजती रहती हैं। सरकार उन पर अमल भी करती है। ट्राइबल एरिया में वे समय-समय पर दौरे करके हकीकत जानने की कोशिश करती हैं। अब वे जल्दी ही सिरोही जिले का दौरा करेंगी।