जयपुर। सीकर रोड के न्यू लोहामंडी क्षेत्र (माचड़ा) की बालाजी विहार-22, बालाजी विहार-29 व महेशनगर विस्तार की कॉलोनियों में रविवार दोपहर हाई वोल्टेज से 60 से ज्यादा मकानों का बिजली सिस्टम ख्रराब हो गया। अधिकतर घरों में बिजली की सर्विस लाइन व मीटरों में आग लग गई।
मीटर जलकर खाक हो गए। बिजली के सैकड़ों उपकरण भी फुंक गए। आसपास के इलाके में बिजली गुल हो गई। बिजली सप्लाई देर रात तक ही बहाल हो सकी। हाई वोल्टेज से बड़ी संख्या में नुकसान होने से नाराज लोगों ने हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने हाई वोल्टेज से हुए नुकसान का मुआवजा मांगा।
सूचना मिलने पर बिजली कंपनी के जेईएन व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जेईएन ने सर्विस लाइन व मीटर बदलने का काम शुरू कराया। बिजली कंपनी के अधीक्षण अभियंता व एक्सईएन के निर्देश के बाद पूरे इलाके में खराब हुई सर्विस लाइन व मीटर निशुल्क बदले गए।
सर्विस लाइन व मीटर बदलने का काम देर रात तक चलता रहा। ऐसे में पूरे इलाकों में बिजली गुल रही। बिजली कंपनी के अधीक्षण अभियंता नवीन अरोड़ा ने बताया कि एक ट्रांसफार्मर के केवल एक फेज (सर्किट) से जुड़े घरों में हाई वोल्टेज से मीटर व सर्विस केबल जली है। इन्हें बदलकर बिजली सप्लाई बहाल कर दी। एक ट्रांसफार्मर से अधिकतम 70 मकान जुड़े होते हैं। वैसे भी तीनों कॉलोनियों का पूर्ण विकास नहीं होने से करीब 25 फीसदी ही मकान बन पाए हैं।
इस कारण आई हाई वोल्टेज
महेशनगर विस्तार कॉलोनी में 11 केवी लाइन का तार टूटकर उसके नीचे से जा रही लो टेंशन (एलटी) लाइन के तार पर गिर गया। एचटी तार के एलटी लाइन पर गिरते ही जोरदार धमाका हुआ। लोग संभल पाते उससे पहले ही धमाकों के साथ उनकी सर्विस केबल व मीटरों में आग लग गई। बालाजी विहार -22 विकास समिति के अध्यक्ष जयराम स्वामी व वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि घरों में लगे एलईडी, टीवी, एलसीडी, डीवीडी, कंप्यूटर, लैपटॉप, ट्यूबलाइट, डीटीएच, एसी, पंखा, कूलर, मोबाइल चार्ज सहित अन्य उपकरण फुंक गए। एक घर में मीटर के पास खड़ी कार के पहिए में भी आग लग गई, लेकिन सजगता से कार को बचा लिया गया।
ऐसे बच सकते हैं नुकसान से
हाई वोल्टेज से होने वाले नुकसान से बचने के लिए घरों में अर्थ सर्किट ब्रेकर (एमसीबी), अर्थ लीकेज सर्किट ब्रेकर (ईएलसीबी) व ओवर वोल्टेज प्रोटेक्शन डिवाइस लगाई जाए, ताकि वोल्टेज ज्यादा या कम आने पर बिजली सप्लाई बंद हो जाए और उपकरणों को नुकसान नहीं हो।
उपयोग में नहीं आने वाले उपकरणों को हमेशा स्विच से ही बंद रखे।
नया प्रस्ताव, जले उपकरणों पर मुआवजा भी मिलेगा
राजस्थान विद्युत विनियामक आयोग के सचिव जीके शर्मा ने बताया कि बिजली सप्लाई से जुड़े स्टैंडर्ड ऑफ परफॉर्मेस के प्रावधानों में बदलाव किया जा रहा है। इसमें बिजली कंपनी की गलतियों के कारण आए हाई वोल्टेज से हुए नुकसान पर उपभोक्ताओं को मुआवजा देने के प्रावधान का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इसके लागू होने के बाद मुआवजा दिया जा सकेगा।
आगे की स्लाइड्स में देखें कैसे हुआ नुकसान