जयपुर। राजीव गांधी डिजिटल विद्यार्थी योजना के तहत प्रदेश के 35819 स्कूलों के 3.50 लाख विद्यार्थियों को मंगलवार को 6-6 हजार रुपए के चेक दिए जाएंगे। आठवीं कक्षा में दूसरे से 11वें स्थान पर रहे इन विद्यार्थियों को टैबलेट-पीसी खरीदने के लिए सरकार यह राशि दे रही है। शिक्षा विभाग ने मेरिट में एक ही रैंक पर एक से ज्यादा स्थान हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को भी योजना का लाभ देने का फैसला किया।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जयपुर में और शिक्षामंत्री ब्रजकिशोर शर्मा अलवर में विद्यार्थियों को चेक वितरित करेंगे। प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों में चेक बांटेंगे। इस राशि से छात्र को अपने स्तर पर 30 सितंबर तक टैबलेट-पीसी खरीदना होगा। विद्यार्थी को 31 अक्टूबर तक खरीद का स्व घोषणा-पत्र देना होगा। पूरी योजना की कलेक्टर के स्तर पर मॉनिटरिंग होगी।
स्कूलों में भी समारोह में ये चेक वितरित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी आर.सी. डेनवाल ने बताया कि आठवीं कक्षा में पहले स्थान पर रहने वाले टॉपर्स के लिए लैपटॉप खरीदने की कार्रवाई आईटी विभाग की ओर से दी जा रही है। योजना के दूसरे चरण में जुलाई में इन बच्चों को लैपटॉप दिए जाएंगे।