पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Rajasthan, Jaipur News, Loans, Attachable

लोन नहीं चुकाने पर व्यावसायिक इमारत सील, अब होगी नीलामी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर। बैंक लोन नहीं चुकाने के एक मामले में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित 20 मोहन हाउस (कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स) को सील कर दिया है। अब इस कॉम्पलेक्स पर बैंक का कब्जा है और जल्द ही नीलामी की तिथि घोषित की जाएगी।
बैंक अधिकारियों ने बुधवार को पुलिस के सहयोग से इस कार्रवाई को अंजाम दिया और इस बहुमंजिला इमारत के ताले जड़ दिए। यह भवन गणपति माइंस, व्यापारी शैलेन्द्र गर्ग और मंजू गर्ग से संबंधित है। बैंक अधिकारियों के अनुसार 25 जुलाई 2011 को लोन नहीं चुकाने के मामले में बैंक ने पांच करोड़ 39 लाख 93878 रुपए की कुड़की के नोटिस भवन पर चसपा किए थे।
इसके तहत 60 दिन में भुगतान करना था। भुगतान नहीं होने के कारण बैंक को भवन सील करने की कार्रवाई करनी पड़ी। अब बैंक ने ब्याज और जुर्माना लगाकर सात करोड़ 14 लाख 46897 रुपए की डिमांड निकाली है। इस राशि को आधार बनाकर ये भवन नीलाम किया जाएगा। नीलामी की तिथि विज्ञप्ति के माध्यम से घोषित की जाएगी।
आगे क्या होगा?
यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के इस कार्यालय से हजारों की संख्या में लोग जुड़े हुए है। कार्यालय के कुछ कमरे भी सील किए गए है। इससे इंश्योरेंस कंपनी का काम बुधवार को प्रभावित हुआ और आगे भी होने की संभावना है। एक दैनिक अखबार की छपाई से संबंधित मशीनरी जिन कमरों में है, उसे भी सील किया गया है। हालांकि इस अखबार का कार्यालय इस भवन में नहीं है।
उधर बैंकिंग सूत्रों का कहना है कि इंश्योरेंस कंपनी को कुछ दिन की मोहलत देकर खाली करने के लिए मियाद मिलने की संभावना है। बशर्ते किराया बैंक में जमा हो। बहरहाल इस पर फैसला बैंक अधिकारी और इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारियों की मीटिंग के बाद होगा।