जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी कर्नाटक की जीत से उत्साहित होकर अब राजस्थान में भी विधानसभा के टिकट समय से पहले घोषित करने, काम नहीं करने वालों की टिकट काटने और कार्यकर्ताओं की सहमति से ही टिकट दिए जाने के फार्मूले को लागू करा सकते हैं।
चुनावी साल में जीत और संगठन की मजबूती का मूल मंत्र समझाने के लिए राहुल गांधी 15 मई को बीकानेर और 16 मई को जयपुर में करीब 7 हजार कांग्रेसी नेताओं से सीधा संवाद करेंगे। राहुल गांधी ने 8 मई को चंडीगढ़ में पंजाब के नेताओं को भी ऐसे ही संकेत दिए। ऐसे में माना जा रहा है कि कर्नाटक में अपनाए गए फार्मूले के कामयाबी के बाद उसे सभी जगह लागू किया जाएगा।
तीन श्रेणियों में मुलाकात
जिला स्तरीय बैठकें: जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, विधायक, सांसद- प्रत्याशी, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष आदि भाग लेंगे।
निर्वाचित जनप्रतिनिधि: जिला प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, निकायों के अध्यक्ष एवं पार्षद।
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी : प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, पदाधिकारी, एआईसीसी और पीसीसी सदस्य, सभी जिलाध्यक्ष, मौजूदा सांसद-विधायक और प्रत्याक्षी आदि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिलेंगे।
सीधी बात
राहुल गांधी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधि और पदाधिकारियों से जिलेवार क्लब बनाकर बैठकें करेंगे।
मांगेंगे सुझाव
संगठन की मजबूती के लिए सुझाव मांगेगे और मौके पर ही जमीनी स्तर पर उठने वाले पेचीदा सवालों का समाधान बताकर संतुष्ट करेंगे।
सामाजिक सरोकार का रिपोर्ट कार्ड
राज्य सरकार की पेंशन योजना से जुड़े सवाल राहुल कार्यकर्ताओं से पूछेंगे।
इनकी सुनेंगे, उनको सुनाएंगे
सरकार के खिलाफ असंतोष को राहुल धैर्य से सुनेंगे और सरकार को अफसरशाही पर लगाम कसने और कार्यकर्ताओं की पूरी बात सुनने की नसीहत भी देंगे।
राहुल जमीनी नेताओं का सरकार के प्रति आक्रोश, नाराजगी और असंतोष उगलवाने की कोशिश करेंगे। उसके बाद समाधान का मरहम लगाएंगे।
बीकानेर में कांग्रेस के 15 जिले होंगे शामिल
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. चंद्रभान ने शुक्रवार को बताया कि राहुल गांधी 15 मई को बीकानेर के पार्क पैराडाइज रिसोर्ट में 15 जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों, नगर निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की बैठक लेंगे। बीकानेर में बीकानेर शहर, बीकानेर देहात, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू, सीकर, झूंझुनू, नागौर, जोधपुर शहर, जोधपुर देहात, पाली, सिरोही, जालोर, जैसलमेर और बाड़मेर के कांग्रेसजन भाग लेंगे। पहली डीसीसी बैठक में यहां 576 नेता बुलाए हैं।
जयपुर में कांग्रेस के 24 जिलों के नेता होंगे शामिल
राहुल गांधी 16 मई को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में 24 जिला कांग्रेस कमेटियों के जिला स्तरीय प्रमुख कांग्रेसजनों तथा नगर निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की बैठक लेंगे। इसमें जयपुर शहर, जयपुर देहात, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, कोटा शहर, कोटा देहात, बूंदी, बारां, झालावाड़, उदयपुर शहर, उदयपुर देहात, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, अजमेर शहर, अजमेर देहात, टोंक एवं भीलवाड़ा के कांग्रेस नेता शामिल होंगे। जयपुर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने राहुल गांधी से अलग से मुलाकात करवाने के लिए डा.चंद्रभान को पत्र लिखा है। पहली डीसीसी बैठक में 908 कांग्रेस नेता बुलाए हैं।
कांग्रेस संदेश यात्रा
छठा चरण आज और कल
कांग्रेस के छठे चरण की दो दिन की संदेश यात्रा 11 मई से जयपुर और अजमेर की आठ विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। संदेश यात्रा के दौरान सात स्थानों पर जनसभा और स्वागत होगा। पहली सभा 11 मई सवेरे 10 बजे बगरू में, दूसरी 12 बजे दूदू में, तीसरी किशनगढ़ में 4 बजे और फिर अजमेर में शाम 7 बजे सभा और रात्रि विश्राम होगा।
कल तीन सभाएं: कांग्रेस संदेश यात्रा 12 मई को सवेरे साढ़े 9 बजे पुष्कर जाएगी। यहां 10 बजे सभा है। यात्रा दोपहर 1 बजे मसूदा पहुंचेगी। जहां 3 बजे सभा होगी। आगे नसीराबाद में शाम छह बजे छठे चरण की अंतिम सभा है।