पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सऊदी में अवैध रूप से काम करने वालों को न होगी जेल, न लिया जाएगा जुर्माना

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नागौर। सऊदी अरब सरकार ने वहां काम करने वाले ऐसे गैर सऊदी श्रमिकों को रियायत दी है जो अपनी कंपनियों को छोड़कर भूमिगत हो चुके हैं और चोरी छिपे काम कर रहे हैं। ऐसे भारतीयों को सऊदी सरकार बिना जुर्माना के भारत भेज देगी और यही नहीं ये भारतीय श्रमिक भारत आने के बाद वापस सऊदी अरब कमाने के लिए फिर से जा सकेंगे।
अधिकृत सूत्रों के अनुसार सऊदी सरकार के आंतरिक व श्रम मंत्रालय ने शुक्रवार को यह नई नीति जारी की है। इस योजना का लाभ सऊदी में रह रहे भारतीयों को आगामी सात जुलाई तक मिल सकेगा। भारतीय दूतावास व सऊदी अरब में भारतीय श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए काम कर रही मारवाड़ वेलफेयर सोसायटी ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि सऊदी के किंग अब्दुल्ला बिन अब्दुल अजीज की ओर से यह रियायत सऊदी के श्रम मंत्रालय ने जारी की है। इस योजना के तहत सऊदी अरब में श्रम नियमों का उल्लंघन करके रह रहे गैर सऊदी (भारतीय व अन्य देशों के श्रमिक) को अब यह छूट होगी कि वे अनुग्रह अवधि सात जुलाई तक वापस अपने देश जा सकेंगे।
ऐसे श्रमिकों को न तो सऊदी सरकार गिरफ्तार करेगी और न ही उनसे कोई जुर्माना लिया जाएगा। मारवाड़ वेलफेयर सोसायटी के मोहम्मद गुलाम खान ने बताया कि इस योजना के तहत ऐसे गैर सऊदी श्रमिक जिनके फिंगर प्रिंट नहीं हुए हैं, उनके फिंगर प्रिंट लिए जाएंगे।
ऐसा करने से उन्हें किसी दूसरे वीजा पर वापस सऊदी अरब आने से नहीं रोका जाएगा। यह आश्वासन भी सऊदी मंत्रालय ने दिया है। सऊदी सरकार की नई नीति के बाद भारतीय दूतावास भी वहां परेशान ऐसे श्रमिकों की मदद में जुट गया है।