पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अब तो राज्यपाल ने भी गहलोत के दावों को खारिज कर दिया : वसुंधरा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर/ मरेना/पहाड़ी/धौलपुर। भाजपा अध्यक्ष वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को धौलपुर जिले की सभाओं में सरकार के खिलाफ मंत्रियों और राज्यपाल मारग्रेट अल्वा की टिप्पणियों को मुद्दा बनाते हुए योजनाओं की क्रियान्विति पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योजनाओं का कितना ही ढोल पीटें अब तो राज्यपाल ने भी सरकारी घोषणाओं और योजनाओं की क्रियान्विति पर सवाल उठा दिए।
धौलपुर के मरेना और पहाड़ी गांव की सुराज संकल्प यात्रा सभा में वसुंधरा राजे ने कहा कि अभी 9 मई को ही राज्यपाल बोलीं कि इस सरकार की घोषणाएं और योजनाएं तो बहुत हैं, पर क्रियान्विति नहीं। अब तो मंत्री भी मुखर होकर इस सरकार के खिलाफ बोलने लगे हैं।
सार्वजनिक निर्माण मंत्री भरतसिंह ने हाल ही कह दिया कि इस सरकार में मंत्री की ही सुनवाई नहीं हो रही तो आम आदमी कहां फरियाद करेगा? इससे पहले अल्पसंख्यक विभाग के मंत्री अमीन खां भी 15 सूत्रीय योजनाएं जमीनी स्तर पर जीरो बता चुके हैं।
आर्थिक पिछड़ों को भी मिले आरक्षण
वसुंधरा राजे ब्राह्मण समाज धौलपुर की ओर से रखे सम्मान समारोह में कहा कि हमने आरक्षण विधेयक 2008 पास किया था, जिससे गुर्जर सहित विशेष पिछड़ा वर्ग को 5 प्रतिशत तथा आर्थिक रूप से पिछड़ों को 14 प्रतिशत आरक्षण मिलता। इस गहलोत सरकार ने इस बिल को केन्द्र में अपनी सरकार होने के बावजूद 9वीं अनुसूची में नहीं डलवाया। यदि यह बिल 9वीं अनुसूची में डल जाता तो इसका लाभ सवर्णो को भी होता।
पिस रही है जनता
वसुंधरा ने कहा कि राजस्थान की भूखी प्यासी जनता कांग्रेस के कुशासन में पिस रही है। जिसमें न पानी है, न बिजली है, न रोजगार है, न किसानों के लिए खाद बीज का इंतजाम है। कानून-व्यवस्था चौपट हो गई है। हत्या, लूट, बलात्कार और फिरौतियां आम बात हो गई है। इसलिए अगर राजस्थान में अमन, चैन और समृद्धि का वातावरण फिर से बनाना है तो भाजपा को वोट दें।
ये नेता थे साथ
वसुंधरा राजे के साथ नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कैलाश मेघवाल, प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, विधायक रवीन्द्र सिंह बोहरा, जिलाध्यक्ष हरिचरण जादौन, विधायक ज्ञानदेव आहूजा सहित कई नेता मौजूद थे।