पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Rajasthan News, Rajasthan, Vasundhara Raje, Suraaj Yatra

कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में मचा रखी है लूट : वसुंधरा राजे

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर/धौलपुर/बाड़ी/बसेड़ी/सरमथुरा। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस ने लूट मचा रखी है। देश के दामाद रॉबर्ट वाड्रा को कांग्रेस सरकार ने बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर आदि स्थानों पर औने-पौने दामों में जमीन दी, जिसे वाड्रा ने ऊंची कीमतों पर बेच दिया, जबकि किसानों के लिए सरकार के पास जमीन नहीं है।
गुरुवार को सुराज संकल्प यात्रा लेकर आई वसुंधरा राजे ने धौलपुर, बाड़ी, बसेड़ी, सरमथुरा में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने बेटे और परिजनों को होटल, खदान आवंटित कर दी। रिश्तेदारों को यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर लगा दिया, जबकि हजारों बेरोजगार नौकरी के लिए भटक रहे हैं। मनरेगा लूट का साधन बन गई है।
पिछले दिनों 13 हजार करोड़ रुपए की गड़बड़ी मनरेगा में सामने आई। मनरेगा में उनकी सरकार ने 26 लाख लोगों को बेरोजगार दिया था, जबकि कांग्रेस सरकार ने 12.5 लाख लोगों को रोजगार दिया। यह सरकार लोगों को बिजली, पानी जैसी सुविधाएं मुहैया कराने में नाकाम साबित हुई। मैंने इस यात्रा के दौरान यह देखा कि सड़कों की हालत बहुत बदतर है।
हमारी सरकार जो काम और पैसा छोड़कर गई थी, वह पांच साल में पूरे नहीं हुए। गुर्जर आरक्षण के लिए चौपड़ा कमेटी बनाई और उसे प्रस्ताव पास कर केंद्र में भेजा, लेकिन कांग्रेस सरकार ने केंद्र में सरकार होने के बावजूद गुर्जरों को आरक्षण नहीं दिया। पिछली बार की गई गलती नहीं करनी है। और बीजेपी की सरकार बनानी है, ताकि प्रदेश का विकास हो सके। सभाओं में प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया, राजेंद्र राठौड़ विधायक अब्दुल सगीर, सुखराम कोली, पूर्व विधायक जसवंत सिंह गुर्जर आदि ने भी विचार रखे।
शहर-गांव सब जगह के लोग परेशान
भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कहा है कि इस सरकार के राज में शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के लोग बेहद परेशान हैं। किसानों को न समय पर बिजली मिल रही है और न कर्ज। सरकार डेढ़ लाख रुपए बिना ब्याज कर्ज देने के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत ये है कि ये सरकार सिर्फ कुछ किसानों को दस-दस हजार रुपए के कर्ज दे रही है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे इस सरकार को बदलने के लिए तैयार हो जाएं और जो रिश्ता पिछले दो दशक से बनाया हुआ है, उसे ध्यान में रखते हुए भाजपा को सत्तासीन करें ताकि सब समस्याओं को समाधान एक साथ हो जाए।
उन्होंने कहा कि ये सरकार चार साल सोती रही और चुनाव आए तो इसकी नींद टूटी है। अब कुछ नहीं होने वाला, सारा समय बीत गया है। प्रदेश का हर वर्ग आहत है। किसान हो चाहे व्यापारी, नौजवान हो या महिला, कर्मचारी हो या मजदूर सभी का इस राज में जमकर शोषण हो रहा है। हालात इस कदर भयावह हो गए हैं कि प्रदेश में कई स्थानों पर लोग इस सरकार से इच्छामृत्यु की अनुमति मांग चुके हैं।
वसुंधरा राजे गुरुवार को धौलपुर जिले के सरमथुरा कस्बे में सुराज संकल्प यात्रा के स्वागत में आयोजित सभा को संबोधित कर रही थीं। सरमथुरा पहुंचने पर राजे का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में निराशा का माहौल बन गया है। मैं जहां भी गई सब लोगों के मन में कांग्रेस की सरकार बनाने के पश्चाताप दिखाई दिया। लोग चुनाव का इंतजार कर रहे हैं ताकि वे अपनी पिछली भूल को सुधार सकें। राजे ने कहा कि इस बार भी दिसंबर, 2008 जैसी गलती हुई तो राजस्थान इतना नीचे चला जाएगा कि उसे वापस विकास की मुख्यधारा में जोड़ना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
डांग क्षेत्र का विकास होगा
वसुंधरा राजे ने कहा कि डांग क्षेत्र जो उजड़ा हुआ है, उसे आबाद करेंगे। हमारी सरकार के समय 500 करोड़ रु. की देवनारायण योजना डांग क्षेत्र के विकास के लिए शुरू की थी, लेकिन उसके बावजूद समुचित विकास नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता डांग क्षेत्र का विकास करने की भी होगी।