पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जापानी युवती से दुष्कर्म करने वाले को भगाया, लपकागिरी करता है आरोपी

जापानी युवती से दुष्कर्म करने वाले को भगाया, लपकागिरी करता है आरोपी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर. जयपुर घूमने आई जापानी युवती को रविवार देर रात मौजमाबाद (दूदू) ले जाकर दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी की पुलिस ने पहचान कर ली है। पुलिस ने उन सात जनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जिन्होंने मुख्य आरोपी को शहर से भगाने में मदद और दुष्कर्म के साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश की। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें बाहर भेजी गई हैं। वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली गई है।
महानिरीक्षक डीसी जैन ने मंगलवार को बताया कि मुख्य आरोपी तुंबीपुरा गांव (मौजमाबाद) निवासी अजीत सिंह चौधरी (24) है। वह जयपुर में रहकर अनधिकृत गाइडिंग (लपकागिरी) करता है। वह पांडिचेरी में फ्रैंच भाषा सीखने का दो वर्षीय कोर्स कर रहा है। हिरासत में लिए गए आरोपी मौजमाबाद, दूदू निवासी वाहिद नागौरी (22), उसका भाई अबरार (24), चौरू, फागी निवासी शिवराज जाट (33), राजवीर सिंह (23), रविंद्र सिंह (20), खुडियाला, दूदू निवासी रामवीर जाट (26) और चंपानगर, गुर्जर की थड़ी निवासी धर्मवीर जाट (21) हैं।
अंग्रेजी बोलते देख झांसे में आई
पीड़ित ने बयानों में बताया कि वह 8 फरवरी को जलमहल घूमने पहुंची। वहां मिले अजीत सिंह ने खुद को गाइड बताकर बातचीत शुरू की। अजीत को फर्राटेदार अंग्रेजी बोलते देखकर युवती प्रभावित हो गई। अजीत ने उसे गलताजी घुमाने का प्रस्ताव रखा और युवती की सहमति मिलने पर अपने ममेरे भाई शिवराज सिंह व चचेरे भाई धर्मवीर सिंह से संपर्क किया।
परिजनों से मिलवाकर विश्वास में लिया
अजीत युवती को बाइक से पहले शिवराज के घर ले गया। शिवराज की पत्नी को उसने बहन बताया। रविवार शाम करीब 6:30 बजे वे दोनों गलताजी गए और उसके बाद अजीत युवती को चचेरे भाई धर्मवीर के घर ले गया। परिवारजनों से मिलकर युवती ने अजीत पर विश्वास कर लिया।
उसके बाद अजीत उसे जालूपुरा में गेस्ट हाउस छोड़ने की बात कहकर रवाना हो गया। अजीत युवती को बाइक से अजमेर रोड से दूदू-फागी रोड पर पहुंचा। वहां सुनसान जगह पर देर रात उसने बाइक रोकी और युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। उसके इनकार करने पर मारपीट कर दुष्कर्म किया और युवती के बैग से मोबाइल व नकदी छीन ली।
दुष्कर्म का इरादा था, साथी ने कमरे की व्यवस्था की
पुलिस के मुताबिक, अजीत का इरादा युवती को रातभर एक मकान में रखकर दुष्कर्म करने का इरादा था। उसने रवाना होते वक्त मौजमाबाद निवासी अबरार व वाहिद से संपर्क किया था। उन्होंने ही मौजमाबाद में कमरे की व्यवस्था की। दुष्कर्म के बाद अजीत ने युवती को धमकाया और बाइक से उसे मौजमाबाद ले गया, जहां बाइक सवार साथी पहले से तैयार था। वाहिद एक को-ऑपरेटिव संस्था में कर्मचारी है।
मकान पर पहुंचते ही दोनों ने युवती को कमरे में घुसने के लिए दबाव डाला। तभी एक कार वहां आ गई। कार देखकर युवती बचने के लिए दौड़ी, लेकिन कार सवार लोगों ने मदद नहीं की। तभी एक बाइक सवार व्यक्ति आया। उसने माजरा भांपकर हल्ला मचा लोगों को इकट्ठा कर लिया। तब तक अजीत और उसका साथी भाग निकले। बाद में स्थानीय लोगों ने युवती की मदद कर पुलिस थाने में सूचना दी।
तब पुलिस उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और युवती का मेडिकल मुआयना करवाकर केस दर्ज किया। जांच दूदू वृत्ताधिकारी को सौंपी गई है। कार सवार लोग कौन थे, उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।