पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Ring Road Will Capture In Front Of 3000 Police

3000 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में लेंगे कब्जा, आज से लग सकती है धारा 144

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर. रिंग रोड के लिए अवाप्त जमीन के कब्जे लेने को लेकर मुख्यमंत्री की हरी झंडी मिलने के बाद पुलिस और जेडीए ने इस दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस महानिदेशक ओमेंद्र भारद्वाज ने इसकी तैयारियों को लेकर पुलिस मुख्यालय में बैठक ली। इसमें जेडीए सचिव पवन अरोड़ा सहित, स्पेशल डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर (प्रशासन) नवदीप सिंह, डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर गुरचरण राय, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर विपिन पांडे, डीसीपी ईस्ट अमनदीप सिंह आदि मौजूद थे। उधर, रिंग रोड के प्रभावित किसानों के मामले में सुनवाई मंगलवार को होगी।
बैठक में तय किया गया कि रिंग रोड के कब्जे लेने की कार्रवाई के एक दिन पहले 24 सितंबर की रात को ही पुलिस फोर्स सहित सभी संसाधनों की व्यवस्था कर ली जाएगी। करीब तीन हजार पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कब्जे लिए जाएंगे। साथ ही हाड़ी रानी बटालियन की करीब 300 महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगी। पुलिस की ओर से ब्रह्मपुरी रोपाड़ा, बैसकैंप पर बैरिकेडिंग की जाएगी। पुलिस ने जेडीए से 20 वाहन मांगे हैं, जिन्हें जेडीए सचिव ने एक दिन पहले ही उपलब्ध कराने की बात कही। इसके अलावा जेडीए की ओर से 24 सितंबर की रात को ही मौके पर 10 जेसीबी, 15 ट्रैक्टर ट्रॉली और बिजली-पानी की व्यवस्था की जाएगी।
आसपास के एरिया में नाकाबंदी भी रहेगी। वहीं जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों को भी पाबंद किया जा सकता है। कानोता थानाधिकारी चंद्रप्रकाश ने बताया कि रविवार को कानोता थाने पर जिन 28 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, उन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी को 1 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार लोगों में 10 के खिलाफ राजकार्य में बाधा और हाईवे को जाम करने और 18 लोगों पर तैयारी के साथ थाने पर हमला करने, राजकार्य में बाधा व राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है।
रिंग रोड के लिए अवाप्त जमीन के कब्जे लेने की कार्रवाई के लिहाज से पुलिस के साथ विचार-विमर्श हुआ है। इसमें सारी व्यवस्थाओं के बारे में प्लान तैयार किया है। कब्जे लेने की कार्रवाई 25 सितंबर से एक दिन पहले ही मौके पर सभी जरूरी इंतजामात किए जाएंगे।
-पवन अरोड़ा, सचिव, जेडीए
स्कूल व अन्य जगहों पर होगा रात्रि विश्राम
पुलिस जवानों को दिन-रात वहीं ठहराने के लिए आसपास के स्कूलों आदि में व्यवस्थाएं होंगी। इस दौरान जिन एरिया में कब्जा लेने की कार्रवाई होगी, वहां अच्छी लाइटिंग की व्यवस्था जेडीए स्तर पर की जाएगी।
आज से लग सकती है धारा 144
कार्रवाई को सही अंजाम देने के लिहाज से क्षेत्र विशेष में मंगलवार से धारा 144 लगाई जा सकती है। शुरुआत एसपी ईस्ट के एरिया से होगी। क्षेत्र जेडीए जोन-9 और 10 में आता है। जैसे-जैसे कार्रवाई आगे बढ़ेगी, वहां यह धारा लगाई जाएगी।