जयपुर. किशनपोल बाजार में ज्वैलरी शोरूम और खजाने वालों के रास्ते में साड़ी शोरूम में नकबजनी की वारदात करने वाले गैंग के दूसरे आरोपी को भी कोतवाली थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल से रविवार को पकड़ लिया। उसका पीछा करते हुए पुलिस टीम को करीब एक किलोमीटर दौड़ लगानी पड़ी। अब पुलिस उसे सोमवार को ट्रांजिट वारंट लेकर जयपुर लौटेगी। बदमाशों ने 30 अक्टूबर की रात को वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस कमिश्नर जंगा श्रीनिवास राव ने बताया कि गिरफ्तार मोहम्मद आलम (22) मालदा का रहने वाला है। दो दिन पहले गिरोह के मुख्य आरोपी सद्दाम शेख (21) भी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार हो चुका है। जांच में प. बंगाल की गैंग का नाम सामने आने के बाद कोतवाली थाने के उपनिरीक्षक हरिसिंह, हैडकांस्टेबल रणजीत सिंह, कांस्टेबल कालूराम व अनिता की टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया। जिन्होंने आलम व सद्दाम को पकड़ा। तीसरा आरोपी फरार है।
ऐसे आए पकड़ में
पुलिस कमिश्नर राव व डीसीपी (उत्तर) प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में आए बदमाशों के हुलिए के आधार पर करीब 500-600 संदिग्धों से पूछताछ की। साथ ही चालानशुदा मुल्जिमों का रिकाॅर्ड जुटाया गया। जिनकी घटना की तारीख के एक माह के भीतर कोर्ट में तारीख पेशी थी। इसके अलावा करीब 10 साल में पकड़े गए बालअपचारी व कम उम्र के बदमाशों के फोटो इकट्ठा किए गए। पुलिस के मुताबिक करीब 7 साल पहले ये आरोपी किशोरावस्था में जयपुर आए थे। यहां कचरा बीनने का काम करते थे। इस बीच वे चोरी करने के आरोपों में पकड़े गए थे।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के फोटो का मिलान किया तो किशोरावस्था में पकड़े गए इन बदमाशों के चेहरे से फुटेज मिलान हुआ। इस पर पुलिस ने उनके नाम व पते की जानकारी की और पुलिस टीम पश्चिम बंगाल भेजी गई।