पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सिरमूर कप पोलो : संधू का तूफान नहीं रोक पाए कालवी-लोकू

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर. एनएस संधू के हैट्रिक सहित सात गोलों की मदद से कैवेलरी ने सिरमूर कप पोलो टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में आईपीजी बेदला को 9-8 से मात दी। मंगलवार को रामबाग पोलो ग्राउंड पर खेले गए इस रोमांचक मैच में कैवेलरी के लिए समीर चौधरी व विशाल चौहान ने एक-एक गोल किया। कैवेलरी टीम में चार गोल के रवि राठौड़ भी हैं, लेकिन वे इस मैच में कोई गोल नहीं कर पाए।
इसके विपरीत दो गोल की शुरुआती बढ़त के साथ उतरी आईपीजी बेदला के लिए भवानी कालवी ने सर्वाधिक चार गोल दागे। उनके अलावा हिम्मत सिंह बेदला व लोकेंद्र सिंह (लोकू) एक-एक गोल करने में सफल रहे। तरुण बिलवाल कोई गोल नहीं कर सके।
सिरमूर कप के पहले दिन ही मैच के दौरान हादसा टल गया। आईपीजी टीम के हिम्मत सिंह बेदला घोड़े पर नियंत्रण नहीं रख पाए और गिर पड़े। वे शनिवार को भी इसी तरह नियंत्रण खो बैठे थे।
सहारा वॉरियर्स की जीत में बरसे गोल
दिन के दूसरे मैच में सहारा वॉरियर्स ने पोलो कंपनी के खिलाफ 10-4.5 की आसान जीत हासिल की। सहारा के लिए समीर सुहाग, रिचर्ड लियोपोरे व गौरव सहगल ने 3-3 गोल करते हुए गोलों की झड़ी लगा दी। टीम का एक अन्य गोल सिद्धांत शर्मा ने किया। वहीं पहली बार पोलो कंपनी से खेल रहे हैदराबाद के स्टार खिलाड़ी बशीर अली ने टीम के लिए तीन गोल दागे। आधे गोल के हैंडीकैप के साथ उतरी पोलो कंपनी के विदेशी खिलाड़ी नियाल डोनली एक गोल करने में सफल रहे। बुधवार को होने वाले मैचों में आईपीजी बेदला का सामना वोडाफोन जयपुर वॉरियर्स से होगा, वहीं पोलो कंपनी की टीम वोडाफोन अरावली से भिड़ेगी।