पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हाईवे पर ट्रक लूटने वाले तीन छात्र गिरफ्तार, व्यापारी के इशारे पर दिया वारदात को अंजाम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जयपुर. दो माह पहले एक्सप्रेस हाइवे पर 14 नंबर रोड पर ड्राइवर का अपहरण कर सरियों से भरा ट्रक लूटने वाले तीन छात्रों को मुरलीपुरा पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह के संपर्क में सीकर के बदमाश भी हैं। फरार आरोपियों को नामजद कर लिया है।

डीसीपी कैलाशचंद्र विश्नोई ने बताया कि महादेव नगर, जोड़ला पावर हाउस निवासी गिरफ्तार मुकेश सैनी कारोडिय़ा (21) एमकॉम का छात्र है। दूसरा आरोपी ममलेश्वर कौशिक उर्फ अर्जुन (19) निवासी गणपति नगर, नीमकाथाना में रहता है और प्रतियोगी छात्र है। जबकि निजी कॉलेज से ग्रेजुएशन कर रहा अनिल कुमार चौधरी उर्फ जालिम डोन (18) पटवारी का बास, रींगस का निवासी है। यहां हरमाड़ा की गणेश नगर प्रथम में रहता है।

यह है घटनाक्रम

28 नवंबर 2013 की रात को दूदू निवासी ड्राइवर भागचंद सरियों से भरा ट्रक लेकर 14 नंबर एक्सप्रेस हाइवे पर पहुंचा था। स्लीप लेन पर धीमी रफ्तार में गुजरते वक्तपीछा करते बदमाश नजदीक आए। उन्होंने बाइक आगे लगाकर ट्रक को रुकवाया और चार बदमाशों ने ट्रक में चढ़कर ड्राइवर को चाकू दिखाकर बंधक बना लिया। वे उसे राजावास गांव तक ले गए। वहां उसे नीचे उतारकर बदमाशों ने खुद की बाइक पर बैठा लिया और सुनसान जगह ले गए। इसी गिरोह के दूसरे साथियों ने लूटा गया सरियों से भरा ट्रक रींगस में रीको एरिया में खड़ा कर दिया। वहां उन्हें ट्रक को आगे पहुंचाना था। दूसरी तरफ मौका पाकर ड्राइवर भागचंद बदमाशों से बचकर भाग निकला और थाने में सूचना दी। थानाप्रभारी ओमप्रकाश किलानियां के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। आरोपियों के पास ड्राइवर का लूटा गया मोबाइल भी था। तकनीकी सहायता से आरोपियों को नामजद कर पकड़ लिया गया। पड़ताल में इसी गिरोह द्वारा 13 दिसंबर को हाइवे पर एक और ट्रक लूटने का पता चला है।

व्यापारी के इशारे पर लूट

प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि आरोपियों ने जल्द धनवान बनने के लिए सीकर के एक व्यवसायी के इशारे पर लूटपाट की थी।