पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जीप चुराई, दो नाकाबंदी तोड़ते हुए पुलिस को 4 घंटे छकाया, ...और छोड़ भागा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जयपुर। मंगलवार रात प्रताप नगर में जेडीए के एक एईएन के घर के बाहर खड़ी जीप चुराने वाले को पकडऩे का घटनाक्रम किसी मसाला फिल्म से कम नहीं था। इस कहानी में भी सब कुछ हुआ- पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना, दो हाइवे पर नाकाबंदी, पीसीआर वैन से जीप चोर का पीछा करती पुलिस, टोल नाके के कर्मचारी को घूस देने की पेशकश में नाकाम चोर का बैरियर तोड़कर जाना, बराबर में आई पीसीआर वैन को टक्कर मारना और वैन में सवार पुलिसकर्मी का रायफल की बट से जीप का शीशा तोडऩा, फिर चोर का एक और बैरियर तोडऩा और आखिर में सड़क पर गड्ढे में कीचड़ के कारण जीप का टायर फंसने से उतरकर फरार हो जाना। इस तरह चोर ने करीब चार घंटे तक पुलिस को छकाया। रात 10:20 बजे शुरू हुई यह रेस करीब 40 किमी. बाद रात 2 बजे खत्म हुई।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-3 के प्रेमचंद मीणा को रात 10 बजे ड्राइवर सायर ने जीप उनके मकान के बाहर खड़ी कर चाबी संभला दी और सुबह आने की कहकर चला गया। करीब २० मिनट बाद ही प्रेमचंद को जीप के स्टार्ट होने की आवाज आई। वे बाहर आए तो बदमाश जीप को ले जाता नजर आया। प्रेमचंद ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बदमाश के आगरा व टोंक रोड पर भागने का अंदेशा होने पर दोनों हाइवे पर हथियारबंद नाकाबंदी करवा दी गई। सांगानेर पुलिस ने बदमाश को पकडऩे के लिए आगरा रोड पर कानोता व बस्सी थाने से संपर्क किया। उसी दौरान पीसीआर पर गश्त कर रहे बस्सी थाने के एएसआई मिश्रीलाल ने जीप पहचान ली और पीछा शुरू किया और बस्सी टोल को को सूचना दी।


बस्सी टोल, जटवाड़ा पुलिस चौकी पर नाकाबंदी तोड़ी
तेजी से जीप चला रहा चोर बस्सी टोल नाके परपहुंचा और कर्मचारी को सौ रुपए का नोट देकर बैरियर हटाने को कहा, लेकिन कर्मचारी ने मना कर दिया। तभी पीछे से पुलिस भी आ गई, तो चोर बैरियर तोड़कर निकल गया। काफी आगे जाकर पीसीआर का ड्राइवर जीप के बगल में पहुंच गया, तो चोर ने जीप से पीसीआर वैन को टक्कर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। जवाब में पीसीआर में मौजूद सिपाही ने अपनी रायफल के बट से जीप की ड्राइवर साइड का शीशा फोड़ दिया। तब भी चोर नहीं रुका और जटवाड़ा पुलिस चौकी पर नाकाबंदी को तोड़कर चला गया।

गड्ढे में जीप फंसी तो चोर फरार
चोर ने दौसा जिले में प्रवेश कर पुलिया पर गाड़ी चढ़ा दी। एएसआई मिश्रीलाल ने दौसा पुलिस को सूचना देकर नाकाबंदी करवाई। अब बस्सी के साथ दौसा पुलिस भी पीछे लग गई। तब बदमाश जीप को दौसा पुलिया से गलत दिशा में सैंथल मोड़ पुलिया की तरफ ले गया, लेकिन तेज बारिश के कारण एक जगह सड़क पर कीचड़ से भरे गड्ढे में जीप का टायर फंस गया और पुलिस को आते देख चोर भाग गया। जेडीए में अनुबंध पर लगी जीप को पुलिस बस्सी थाने ले आई।