जयपुर. शादी में मुंबई गए एक परिवार के घर चोरों ने शनिवार रात धावा बोल दिया। ड्राइंग रूम की खिड़की की ग्रिल हटाकर चोर मकान में घुसे और 300 ग्राम सोने के जेवर, डेढ़ किलो चांदी के बर्तन व जेवरात सहित 35 हजार रुपए चुराकर ले गए। घटना का पता रविवार दोपहर को लगा जब परिवार मुंबई से लौटा। इस संबंध में मुरलीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
वारदात मुरलीपुरा की विजयबाडी पथ नंबर 6 निवासी मनोज गोयल के घर में हुई। उनकी वीकेआई में इलेक्ट्रॉनिक्स कंडक्टर बनाने की फैक्ट्री है। मनोज गोयल एक सप्ताह पहले परिवार सहित मुंबई शादी में गए थे। उनके परिचित घर की देखभाल कर रहे थे। वे शनिवार शाम को घर संभाल कर गए थे, तब तक घर सुरक्षित था। शनिवार रात को चोर ड्राइंग रूम की खिड़की की ग्रिल हटाकर घर में घुस गए।
रविवार दोपहर को मनोज गोयल परिवार सहित मुंबई से लौटे। वे घर के मुख्य द्वार का ताला खोलकर घर में घुसे। घर में दो कमरे के ताले टूटे हुए मिले। दो अलमारियों का सामान फर्श पर बिखरा था। अलमारियों को संभाला तो तीन सौ ग्राम सोने के जेवर, डेढ़ किलो चांदी के बर्तन व जेवर और 35 हजार रुपए गायब मिले। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके से साक्ष्य लिए हैं।