पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर. आमजन की सुरक्षा व अपराधियों में भय पैदा करने का आश्वासन देने वाली कमिश्नरेट पुलिस को बदमाशों ने एक और चुनौती दे डाली। दरअसल पुलिस की चौकस गश्त को ठेंगा दिखाकर बदमाशों ने बुधवार देर रात विश्वकर्मा थाने के बगल में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पेड़ पर चढ़कर छत के रास्ते से सेंधमारी की।
बदमाशों ने बैंक परिसर में घुसने के बाद दरवाजों पर लगे छह ताले तोड़कर तिजोरी में रखे नकदी और जेवर चुराने का प्रयास किया, लेकिन तिजोरी नहीं टूटने से नाकाम रहे और खाली हाथ भाग गए। गुरुवार को सुबह 10 बजे बैंक प्रबंधन से सेंधमारी का पता चला। तब पुलिस अधिकारी व फिंगर प्रिंट टीम मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग खंगाली। जिसमें एक युवक दिखाई दे रहा है। पुलिस ने परिसर से एक पेचकस बरामद किया।
जानकारी के अनुसार विश्वकर्मा थाने से चंद कदम पर भारतीय स्टेट बैंक की विश्वकर्मा औद्योगिक संपदा ब्रांच है। फुटेज के मुताबिक एक युवक देर रात एक 1.38 बजे बैंक के मुख्य गेट में चैनल गेट पर लगे ताले को तोड़कर घुसा। इससे पहले बदमाश बैंक की बिल्डिंग के पास पेड़ के सहारे बैंक की छत पर चढ़ गया। वहां सीढिय़ों पर लगे गेट मोड़कर नीचे आया। बदमाश ने तिजोरी तक पहुंचने के लिए तीन ताले तोड़े, लेकिन तिजोरी खोलने में नाकाम रहा।
सिर पर टोपा पहने बदमाश ने काफी देर तक चाबियां ढूंढने की भी कोशिश की। इसके बाद देर रात 2:30 बजे वह भाग गया। पुलिस ने बताया कि तिजोरी में करीब एक लाख रुपए थे। मंगलवार रात को ही बदमाशों ने गोनेर रोड पर लूनियावास बस स्टैंड पर एसबीआई की ब्रांच में सेंधमारी की थी, जिसमें पुलिस को अभी कुछ हाथ नहीं लगा है।
फोटो- इसी पेड़ से चढ़े बैंक की छत पर
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.