गुढ़ागौड़जी। सूरजगढ़ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद लगातार लग रहे भीतरघात के आरोपों के बीच अब सांसद संतोष अहलावत का पहला सार्वजनिक बयान आया है। वे यहां एक शोरूम के उद्घाटन समारोह में आईं थीं। इस दौरान समर्थकों को संबोधित किया।
सांसद संतोष अहलावत ने कहा कि जिले में तीन दिन से जो नौटंकी चलाई जा रही है वह बिल्कुल निराधार है। कुछ लोगों के पास और कोई काम नहीं है।
वे लोग दूसरों की बदनामी करने के अलावा कुछ भी नहीं कर सकते। जिले की जनता भोली नहीं है। मैंने जनता के विकास का बीड़ा उठाया है। जनता के बीच रहकर विकास कराएंगे। जिले को नेशनल हाईवे, सैनिक स्कूल, ब्रॉडगेज चने की फसल के अटके 22 करोड़ रुपए दिलवाए हैं।
उल्लेखनीय है कि उपचुनाव में भाजपा की हार को लेकर सांसद संतोष अहलावत उदयपुरवाटी विधायक शुभकरण चौधरी के खिलाफ वरिष्ठ नेताओं के लगातार बयान रहे हैं। पिलानी विधायक सुंदरलाल ने और बुहाना प्रधान रमेशकुमार ने तो प्रेसवार्ता लेकर गंभीर बयान दिए थे। बुधवार को प्रत्याशी डॉ. दिगंबरसिंह, चिकित्सा मंत्री राजेंद्रसिंह राठौड़ ने भी इशारों में काफी कुछ कह दिया था।
- बाहरी नेताओंकी दखलंदाजी नहीं चलेगी
कार्यक्रम में विधायक शुभकरण चौधरी ने कहा कि जब तक जनता साथ है तब तक चाहे उन पर कैसे भी आरोप लगा दिए जाएं। जिले की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विकास कराया जाएगा। बाहरी नेता को जिले की राजनीति में दखलंदाजी नहीं करने दी जाएगी। विधायक चौधरी ने भाजपा कार्यालय में जनसुनवाई भी की इसमें जनसमस्याएं सुनकर समाधान किया गया। यहां विधायक ने कहा कि कुछ लोग उन पर अनर्गल आरोप लगा कर उन्हें बदनाम करना चाहते है। लेकिन जनता को सब बातों का पता है।
जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण किया :
स्वामी विवेकानंद नवयुवक मंडल के पौधरोपण अभियान के तहत शुक्रवार को सांसद संतोष अहलावत विधायक शुभकरण चौधरी ने पौधे लगाए। मंडल के अध्यक्ष विजेंद्र मूंड, देशराज महला, सुभाष खेदड़ आदि ने स्वागत किया। कार्यक्रमों में सरपंच फोरम के जिलाध्यक्ष विजयपाल सिंह भाटीवाड़, पंचायत समिति सदस्य नरेश कुमावत, छऊ सरपंच रघुवीर कासनियां, सिंगनौर सरपंच डॉ हरिसिंह गोदारा, बामलास सरपंच रामावतार धीवां, गुढ़ा सरपंच रामनिवास खरबास, भोड़की जीएसएस अध्यक्ष केशरदेव मिठारवाल आदि मौजूद थे।
सूरजगढ़ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद लगे आरोपों पर पहली बार दिया सार्वजनिक बयान।
(सांसद संतोष अहलावत)