दो महीने में एक बार मिलेगा केरोसिन
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जिले में फरवरी और मार्च में बीपीएल, अंत्योदय अन्य योजना के के राशन कार्डधारियों को केरोसिन वितरण किया जाएगा। वैसे लगातार घटती सप्लाई के कारण जिले में एक कार्ड पर दो महीने में एक ही बार तेल मिल पाएगा। यहां 1672 किलोलीटर केरोसिन की आवश्यकता रहती है लेकिन विभाग को केवल 1080 किलालीटर केरोसिन ही मिला है। यानी कि जिले में 592 केएल केरोसिन कम मिला है।
जिले में तीस हजार बीपीएल अंत्योदय राशन कार्डधारी है। फरवरी और मार्च के लिए विभाग ने 1080 केएल केरोसिन तेल का आबंटन किया है। इस तरह प्रति परिवार 2.56 लीटर केरोसिन ही मिल सकता है लेकिन विभाग ने प्रति परिवार को चार लीटर तेल देने का का आदेश दिया। इसके चलते एक परिवार को दो महीने में एक बार केरोसिन मिल पाएगा। अब जिला रसद अधिकारी को तय करना है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के कार्डधारियों को बराबर तेल मिलता रहे।
विभाग को भेजनी होगी गैस उपभोक्ताओं की संख्या
उपखंड,तहसील की दुकानों पर केरोसिन का आवंटन उस क्षेत्र के राशनकार्ड गैस कनेक्शन की संख्या के अनुसार करना होगा। उचित मूल्य की दुकानों पर रसोई गैस उपभोक्ताओं की संख्या उपलब्ध करवानी होगी। इसका जिम्मा रसद विभाग का रहेगा। महीने के अंत में तेल कंपनी और विभाग के अधिकारी थोक विक्रेता को आवंटित तेल की सूचना खाद्य विभाग को भेजनी होगी।
^पहले एक टैंकर की कमी रहती थी, लेकिन इस बार 24 केएल यानी दो टैंकर केरोसिन कम मिल रहा है। केरोसिन समय पर और पूरा मिले इसके लिए प्रयास किया जाएगा। -लियाकत अली, जिला रसद अधिकारी